Bihar Weather Report: बिहार में अप्रैल महीने में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों के पसीने छुड़ा रही है। हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच चुका है, जिससे लगातार बढ़ती तपिश महसूस हो रही है।

हालांकि इस बीच राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और आसमान में काले बादल भी देखने को मिले हैं, जिससे स्थानीय जगहों पर तापमान में हल्की गिरावट भी देखने को मिला है। फिलहाल बिहार का मौसम दो हिस्सों में बंटा हुआ नजर आ रहा है।

कैमूर में 41 के पार हुआ पारा

पटना, गया और कैमूर जैसे दक्षिणी जिलों में पड़ रही भीषण गर्मी अपने चरम पर है। इन इलाकों में आसमान साफ है और धूप इतनी तेज निकल रही है कि लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। आने वाले दिनों में यहां का तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। वहीं, कैमूर में तो पारा पहले ही 41.9 डिग्री तक पहुंच चुका है, जिससे सड़कों पर चलना भी मुश्किल लग रहा है और लू जैसी स्थिति बन गई है।

सीमांचल में बारिश व आंधी-पानी को लेकर अलर्ट

एक तरफ जहां, दक्षिणी जिलों में गर्मी ने कहर बरपा रखा है, तो वहीं दूसरी तरफ उत्तर-पूर्व बिहार में मौसम का मिजाज बदला हुआ दिख रहा है। सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार और पूर्णिया जैसे जिलों में बीती रात से ही हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। विभाग ने विशेषकर सीमांचल के इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है, जहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।

6 डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों में राज्य का तापमान 6 डिग्री तक बढ़ सकता है। विभाग ने इस दौरान दक्षिण और मध्य बिहार में लू चलने की आशंका जताई है। वहीं, पछुआ हवा चलने के कारण दोपहर के समय पड़ने वाली तीखी धूप से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इसका असर आम जनजीवन के साथ-साथ खेती पर भी पड़ सकता है।

बेवजह बाहर निकलने से बचने की सलाह

बढ़ते तापमान को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर दोपहर 12 से 3 बजे तक बच्चों और बुजर्गों को बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। इस दौरान शरीर में पानी की कमी को पूरा करने के लिए समय-समय पर नींबू-पानी और ओआरएस का सेवन करने को कहा गया है। वहीं, बाहर निकलते समय सिर पर कपड़ा या फिर छाता लेकर निकलने की सलाह दी गई है। फिलहाल बिहार का मौसम कभी तेज गर्मी तो कभी बारिश के साथ लोगों को कंफ्यूज करता नजर आ रहा है।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: अंबेडकर जयंती पर HAM का भव्य आयोजन, कांग्रेस कार्यालय में PC, जदयू की बैठक