Bihar Today Weather: बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की आधिकारिक दस्तक से पहले ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। शनिवार सुबह से राज्य के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया। पूर्णिया, सुपौल, भागलपुर समेत पूर्वी और उत्तर-पूर्वी बिहार के कई इलाकों में हुई अच्छी बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार से पांच दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। ऐसे में फिलहाल लोगों को लू और अत्यधिक गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
इन जिलों में बारिश का सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक पटना, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, दरभंगा, सीतामढ़ी, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, गया, नवादा और औरंगाबाद समेत अधिकांश जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला रहेगा। कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी बढ़ा रही बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी युक्त हवाएं बिहार की ओर बढ़ रही हैं। इसके साथ ही स्थानीय मौसमी तंत्र भी सक्रिय है, जिसके कारण राज्यभर में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। यही वजह है कि पटना समेत उत्तर और दक्षिण बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम सुहाना बना हुआ है और रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
सीमांचल और कोसी क्षेत्र के किसानों के लिए राहत
सीमांचल और कोसी क्षेत्र में अच्छी बारिश के संकेत मिले हैं। इन इलाकों में बादलों की सक्रियता अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में खरीफ फसलों की तैयारी में जुटे किसानों को काफी फायदा मिल सकता है। समय पर हुई यह बारिश खेतों की नमी बढ़ाने के साथ खेती की तैयारियों को भी गति दे सकती है।
वज्रपात को लेकर अलर्ट रहने की सलाह
मौसम विभाग ने बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचें। गरज-चमक के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लेना ही सबसे बेहतर उपाय है।
तापमान में आई गिरावट, लू का खतरा नहीं
लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बिहार में हीटवेव चलने की कोई संभावना नहीं है। अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।
15 जून के बाद बिहार पहुंच सकता है मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून पश्चिम-मध्य और पूर्वी मध्य अरब सागर, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, तथा दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ज्यादातर हिस्सों तक पहुंच चुका है। इसके अलावा मणिपुर और मिजोरम के भी कुछ क्षेत्रों में मानसून ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। यदि वर्तमान परिस्थितियां अनुकूल बनी रहीं तो बिहार में 15 जून के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश करने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: राजद की प्रेस कॉन्फ्रेंस, RLM में प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव, कांग्रेस की बैठक

