पटना। बिहार में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी है, लेकिन मौसम पूरी तरह साफ नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने मंगलवार को पटना समेत 19 जिलों में बारिश और गरज-चमक को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश भी हो सकती है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर बादल छाने और बूंदाबांदी की स्थिति बन सकती है।
37% बारिश की कमी
मानसून सीजन में अब तक बिहार में करीब 589.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। सामान्य तौर पर इस अवधि में 931.9 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी। इस लिहाज से राज्य में अब तक सामान्य से करीब 37 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पिछले 24 घंटे के दौरान भी मानसून की गतिविधियां कमजोर रहीं। पूर्वी बिहार के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मध्य बिहार के कुछ इलाकों और दक्षिण-पश्चिम बिहार के एक-दो स्थानों पर भी बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर-पश्चिम बिहार में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा।
बढ़ सकती है बारिश
पटना में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। तापमान 34 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
- 23 सितंबर: कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। एक-दो दौर की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। तापमान 33 से 27 डिग्री रहेगा।
- 24 सितंबर: बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश के आसार हैं। तापमान 30 से 26 डिग्री के आसपास रह सकता है।
- 25 सितंबर: बारिश की गतिविधि बढ़ने की संभावना है। कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। तापमान 30 से 24 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
सिस्टम बढ़ाएगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी-मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अगले 24 घंटे में और मजबूत होने की संभावना है। इसके बाद यह गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है।
इस सिस्टम के 23 सितंबर की सुबह के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के पास पहुंचने का अनुमान है। इसके प्रभाव से बिहार में भी मौसम की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। खासकर मध्य और दक्षिण बिहार में बादल और बारिश का दौर तेज होने की संभावना है।



