Bihar Today Weather: बिहार से मानसून की विदाई हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार बीते 14 अक्टूबर को प्रदेश के सभी हिस्सों से मानसून वापस लौट गया है। ऐसे में आंधी, पानी और तूफान को लेकर किसी भी प्रकार की कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है। मौसम विभाग ने आज गुरुवार (15, अक्टूबर) से लेकर अगले कुछ दिनों तक राज्य के लगभग सभी जिलों में मौसम के साफ और सामान्य रहने का अनुमान जताया है। दिन के समय धूप खिला रहेगा, जिससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, सुबह और शाम के समय लोगों को इससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

कैमूर के कुछ हिस्सों में हुई बारिश

राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि, बीते 24 घंटों में कैमूर जिले के कुछ इलाकों में बादल बरसे। अधवारा में सबसे ज्यादा 35.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके उलट, प्रदेश के बाकी जिलों में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहा।

राजधानी पटना का मौसम

राजधानी पटना की बात करें तो यहां के तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। यहां अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात के तापमान में खास उतार-चढ़ाव होने की संभावना नहीं है। यानी फिलहाल दिन में हल्की गर्मी बनी रहेगी, जबकि रात में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहेगा।

18 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम?

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 15 और 16 अक्टूबर को भी अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, 17 अक्टूबर को कुछ इलाकों में सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने और गर्मी का असर बने रहने की संभावना है। 18 अक्टूबर को भी राज्य के कई जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है और अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

ठंड के मौसम पर अल नीनो का असर

मौसम वैज्ञानिकों ने इस साल ठंड के मौसम पर अल नीनो का असर पड़ने की आशंका जाहिर की है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस साल ठंड की शुरुआत सामान्य समय की अपेक्षा देरी से हो सकती है। अगले तीन महीनों में तापमान सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है, जिससे रात के समय अपेक्षाकृत गर्म महसूस हो सकती है। हालांकि पूरे सर्दी के दौरान मौसम के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। जनवरी और फरवरी के महीने में ठंड के असर बढ़ने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: महिला किसान दिवस पर विशेष कार्यक्रम, भाजप और जदयू कार्यलय में जनसुनवाई