Bihar Weather Today: बिहार में पिछले कई दिनों से आंधी-पानी का दौर जारी है, जिससे लोगों को पड़ रही भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। हालांकि इस दौरान तेज हवाओं के चलने और ओलावृष्टि होने से कई इलाकों में भारी नुकसान भी पहुंचा है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए प्रदेश के कई इलाकों में आंधी-बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है।

लगातार बारिश और आंधी के कारण अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री तक गिरावट आई है, जिससे मौसम के सामान्य बने रहने की उम्मीद है।

33 जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को 33 जिलों में आंधी-पानी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, राजधानी पटना की बात करे तो यहां आसमान में बादलों का डेरा जमा रहेगा। इस दौरान जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की उम्मीद है।

कई जिलों में हुई अच्छी बारिश

गुरुवार को आंधी और बारिश के बाद पटना समेत बिहार के करीब 20 जिलों में तापमान में साफ गिरावट देखने को मिली। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां 25.1 मिमी बारिश भी रिकॉर्ड की गई।

राज्य के अन्य इलाकों में भी झमाझम बारिश हुई। सुपौल के परपतगंज में सबसे ज्यादा 72.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पूर्णिया में 60.2 मिमी, मधुबनी के लखनपुर में 58 मिमी, बक्सर में 54.4 मिमी, पूर्णिया के श्रीनगर में 52.8 मिमी, अररिया के सिकटी में 52.2 मिमी और मधुबनी के झंझारपुर में 50 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

जानें मौसम में क्यों हुआ बदलाव?

दरअसल मौसम में अचानक हुए बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र है। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती हवा का असर भी है। ऊपर आसमान में तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे मौसम अस्थिर हो गया है। इसी कारण कई जगहों पर बादल छा रहे हैं, तेज हवा चल रही है और बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों तक यह स्थिति बनी रह सकती है।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: समीक्षा बैठक, कांग्रेस की PC, जदयू की बैठक, एक नजर आज के बड़े कार्यक्रमों पर