Bihar News: बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध के कटाव प्रभावित स्थल पर पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने पहुंचकर बाढ़ संघर्षात्मक और सुरक्षात्मक कार्यों का जायजा लिया। मंत्री देर रात तक मौके पर मौजूद रहे और अधिकारियों से चल रहे काम की जानकारी ली।

निर्माण सामग्री और कार्यों का लिया जायजा

इस दौरान उन्होंने जियोबैग की आपूर्ति, निर्माण सामग्री की उपलब्धता और काम की रफ्तार की समीक्षा की। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जियोबैग पहुंचाने वाले ट्रैक्टरों के आवागमन वाले रास्ते को बेहतर बनाया जाए। इसके लिए मार्ग पर GSB सामग्री डालकर उसे मजबूत और सुगम रखने को कहा गया, ताकि सुरक्षात्मक कार्यों में किसी तरह की देरी न हो।

दिन-रात काम करने का दिया निर्देश

जायजा लेने के साथ ही मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटाव प्रभावित संवेदनशील बिंदुओं पर पर्याप्त संसाधन एवं मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कार्य को तेज गति से जारी रखा जाए। साथ ही मौके पर कार्यरत श्रमिकों एवं बाढ़ से प्रभावित स्थानीयजनो के लिए भोजन, पेयजल तथा सुरक्षित शेड/आश्रय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर भी संबंधित अधिकारियों से लगातार समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि, दिन हो या रात, तटबंध की सुरक्षा एवं क्षेत्रवासियों की सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रशासन एवं संबंधित विभागीय टीमें लगातार मौके पर कार्यरत हैं तथा उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए हरसंभव तकनीकी एवं सुरक्षात्मक उपाय किए जा रहे हैं। तटबंध की सुरक्षा और जन-जीवन की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

चार राहत शिविर का हो रहा निर्माण

फ्लड फाइटिंग को लेकर इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने कहा कि, उसके लिए चार राहत शिविर बन रहा है। अभी चार जगह किचन भी चल रहा है। और पिछले 5-7 दिन से, 8 दिन से, किचन का भी जो लोगों को खाने में दिक्कत होती थी, वो चल रहा है। अभी हमने बात किया है, हम लोग जर्मन हेंगर के माध्यम से भी, हम अपनी पब्लिक को जो यहां विस्थापित हो चुके हैं, उनको रखने के लिए समुचित व्यवस्था करेंगे।

ये भी पढ़ें- TRE-4 शिक्षक भर्ती पर BPSC का बड़ा अपडेट, 21 सितंबर से शुरू हो सकता है ऑनलाइन आवेदन