TRE 4 Teacher Recruitment: TRE-4 शिक्षक भर्ती से जुड़ी एक बड़ी अपडेट सामने आई है। दरअसल बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4.0 की आवेदन प्रक्रिया को लेकर एक अहम जानकारी साझा की है। आयोग के मुताबिक, विज्ञापन संख्या 14/2026 के तहत विद्यालय अध्यापक के पदों पर भर्ती के लिए पहले जारी विज्ञापन और ऑनलाइन आवेदन में कुछ जरूरी बदलाव किए जाएंगे। इसके बाद संशोधित विज्ञापन जारी कर नए सिरे से आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
21 सितंबर से शुरू हो सकता है आवेदन
BPSC के अनुसार, TRE-4.0 के लिए ऑनलाइन आवेदन 21 सितंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है। हालांकि आयोग ने अभी इसे संभावित तारीख बताया है। इसलिए आवेदन की अंतिम तारीख और अन्य जरूरी नियमों की जानकारी संशोधित विज्ञापन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों से TRE-4.0 से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए BPSC की आधिकारिक सूचना पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। आयोग का कहना है कि संशोधित विज्ञापन जारी होने के बाद ही आवेदन से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आएगी।
शिक्षा मंत्री बोले- BPSC को भी मिलना चाहिए समय
वहीं, TRE-4 आवेदन प्रक्रिया टलने पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि, BPSC अच्छी तैयारी कर रही है और बच्चों की मांग पर मुख्यमंत्री ने कदम उठाया और 2 परीक्षा की जगह 1 परीक्षा तय हुआ। अब चूंकि संख्या काफी है और BPSC को तैयारी भी करनी है, तो उसी कारण उन्होंने परीक्षा स्थगित किया है। वो पूरी तैयारी के साथ तारीखों की घोषणा करेंगे।
साथ ही उन्होंने कहा कि, इस पर राजनीतिकरण करने वाले को मैं क्या कह सकता हूं। मगर यह अच्छे के लिए हो रहा है। इसमें किसी को जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए क्योंकि अगर आप पारदर्शी परीक्षा चाहते हैं और चाहते हैं कि कोई गड़बड़ी न हो तो BPSC को भी पूरा समय मिलना चाहिए।
जानें क्यों रद्द हुआ पुराना विज्ञापन?
गौरतलब है कि बीते 18 अगस्त से छात्र टीआरई-4 शिक्षक भर्ती समेत अन्य मांगों को लेकर गर्दनीबाग धरना स्थल पर बैठे हुए थे। हालांकि बीपीएससी ने 18 अगस्त को ही TRE-4 को लेकर विज्ञापन जारी कर दिया था। हालांकि एकल परीक्षा समेत कई मांगों को लेकर छात्रों का धरना जारी रहा। बाद में सरकार ने छात्रों की एकल परीक्षा की मांग समेत 9 अन्य मांगों को स्वीकार कर लिया। ऐसे में इस अहम बदलाव के चलते बीपीएससी को विज्ञापन में बदलाव करना पड़ रहा है, जिस वजह से पहले जारी हुए विज्ञापन को रद्द करते हुए फिर से विज्ञापन जारी करने की बात कही गई है।
ये भी पढ़ें- खुलासा: शराब पीने से नहीं, जहर से हुई थी चारों की मौत, पुलिस के दावे पर ग्रामीणों ने घेरा थाना



