बिजनौर. उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शादी समारोह के दौरान विवाद में दूल्हे के भाई की हत्या कर दी गई. मंगलवार (20 अक्टूबर) शाम करीब 6 बजे जयमाला के दौरान दो पक्षों में कहासुनी हुई. बीच-बचाव करने पहुंचे अश्वनी (32) पर आरोपियों ने बर्फ तोड़ने वाले सूजे से हमला कर दिया. उनकी नाक पर वार किया गया. परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना कोतवाली शहर क्षेत्र की है.

इसे भी पढ़ें- गोंडा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, 4 की मौत; कई की तलाश जारी

जयमाला के दौरान शुरू हुआ विवाद

मखवाड़ा गांव निवासी अश्वनी एक फाइनेंस कंपनी में काम करते थे. वह अपने ताऊ गजराज के बेटे आकाश की बारात लेकर बकली गांव पहुंचे थे. बारात का स्वागत हीरा बैंक्वेट हॉल में किया गया. जयमाला की रस्म के दौरान विवाद शुरू हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दूल्हे के परिवार का एक युवक वॉशरूम गया था. वहां ई-रिक्शा चालक रवि और कुछ अन्य युवक शराब पी रहे थे. आरोप है कि उन्होंने युवक को पकड़ लिया.

बीच-बचाव करने पहुंचे अश्वनी पर हमला

परिवार के युवक को छुड़ाने के लिए अश्वनी पहुंचे. इस दौरान उनकी भी आरोपियों से कहासुनी हो गई. आरोप है कि हमलावरों ने बर्फ तोड़ने वाले सूजे से उनकी नाक पर वार कर दिया. चोट लगने से अश्वनी गिर पड़े. परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने लगे.

गाड़ी घेरकर किया पथराव

परिजनों के मुताबिक, घायल अश्वनी को अस्पताल ले जाते समय आरोपियों ने उनकी गाड़ी घेर ली. करीब 15 से 20 लोगों ने पथराव किया. आरोप है कि कुछ लोग लोहे की रॉड और फावड़े लेकर भी दौड़े. किसी तरह परिजन और बाराती अश्वनी को जिला अस्पताल पहुंचा सके. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई.

इसे भी पढ़ें- UP Weather: यूपी में आज बारिश का अलर्ट नहीं, साफ रहेगा मौसम; सुबह-रात बढ़ेगी ठंडक

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बनाई टीम

एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि सूजे से हमला कर युवक की हत्या की गई है. परिजनों से शिकायत ली जा रही है. मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.