गोंडा. उत्तर प्रदेश के गोंडा में मंगलवार (20 अक्टूबर) देर शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग घाटों पर हादसे हो गए. नदी में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोगों को बचा लिया गया. तरबगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर घाट पर तीन युवक डूब गए. इनमें से एक का शव बरामद हुआ है, जबकि दो की तलाश जारी है. वहीं, धानेपुर क्षेत्र में युवकों को बचाने नदी में उतरे एक व्यक्ति की मौत हो गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है.

इसे भी पढ़ें- UP Weather: यूपी में आज बारिश का अलर्ट नहीं, साफ रहेगा मौसम; सुबह-रात बढ़ेगी ठंडक

लक्ष्मणपुर घाट पर तीन युवक डूबे

पहली घटना तरबगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर घाट पर सम्मय माता मंदिर के पास हुई. प्रतिमा विसर्जन के दौरान छह लोग नदी में डूबने लगे. रघुवर प्रजापति, प्रदीप कुमार और चंद्र प्रकाश को सुरक्षित बचा लिया गया. वहीं, सुमित प्रजापति (18), अभिषेक तिवारी (15) और रामविलास प्रजापति (17) डूब गए. तलाशी अभियान में सुमित का शव बरामद हुआ. बाकी दो युवकों की तलाश जारी है.

युवकों को बचाने में गई तुलाराम की जान

दूसरी घटना धानेपुर थाना क्षेत्र के भैसहवा घाट पर हुई. यहां कुआनो नदी में प्रतिमा विसर्जन के दौरान चार युवक डूबने लगे. उन्हें बचाने के लिए 50 वर्षीय तुलाराम शुक्ला नदी में उतर गए. स्थानीय लोगों की मदद से तीन युवकों को बचा लिया गया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण तुलाराम डूब गए. बाद में उनकी मौत की पुष्टि हुई.

पुलिस और बचाव दल ने चलाया अभियान

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. एसडीआरएफ, फ्लड पीएसी और स्थानीय गोताखोरों ने तलाश अभियान चलाया. एसपी अभिषेक झा ने बताया कि लक्ष्मणपुर घाट पर एक युवक का शव मिला है और दो की तलाश जारी है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिमा स्थापना और विसर्जन की अनुमति की जांच कराई जाएगी.

इसे भी पढ़ें- अवैध संबंध का दर्दनाक अंजाम: देवर के इश्क में अंधी महिला ने दो मासूमों संग कुएं में कूदकर दी जान

सीएम योगी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में हुई मौतों पर शोक जताया. उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचने और राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए. प्रशासन की ओर से लापता युवकों की तलाश जारी है. विसर्जन के दौरान हुए इन हादसों से इलाके में शोक का माहौल है.