Bilaspur News Update : बिलासपुर. शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों शनिचरी बाजार और मेलापारा के कायाकल्प की दिशा में पहल की जा रही है. दोनों क्षेत्रों के योजनाबद्ध पुनर्विकास के लिए 498.53 करोड़ रुपये की एकीकृत शहरी विकास परियोजना का प्रस्ताव तैयार किया गया है. केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू की पहल से प्रस्तावित इस परियोजना का उद्देश्य बाजारों को आधुनिक स्वरूप देना, यातायात और पार्किंग की समस्याओं को दूर करना और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है. परियोजना के लिए 124.52 करोड़ रुपये की अर्बन चैलेंज फंड सहायता प्रस्तावित है, जबकि शेष 374.01 करोड़ रुपये की व्यवस्था निर्धारित वित्तीय मॉडल के अनुसार की जानी है. हालांकि, अंतिम सहायता राशि और वित्तपोषण का स्वरूप संबंधित स्वीकृतियों एवं दिशा-निर्देशों के अधीन होगा.
परियोजना के तहत शनिचरी बाजार में व्यवस्थित व्यावसायिक परिसर, आधुनिक पार्किंग, बेहतर सड़कें, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित मार्ग, सार्वजनिक शौचालय और अग्नि सुरक्षा जैसी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है. वहीं मेलापारा में आधुनिक व्यावसायिक परिसरों के साथ नियोजित आवासीय विकास, कार्यालय, स्थानीय दुकानें, सार्वजनिक स्थल और हरित क्षेत्र विकसित करने की परिकल्पना की गई है. दोनों क्षेत्रों में सीवरेज, विद्युत व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को भी बेहतर बनाने पर जोर रहेगा. परियोजना की वित्तीय व्यवहार्यता के लिए दुकानों के किराये, कार्यालयों की लीज और पार्किंग शुल्क से राजस्व जुटाने की संभावनाओं का आकलन किया जाएगा. इससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और शहरी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. हालांकि, परियोजना की अंतिम लागत, वित्तपोषण और क्रियान्वयन का स्वरूप सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद निर्धारित होगा.
संघ प्रमुख मोहन भागवत कल आएंगे बिलासपुर
बिलासपुर. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत दो दिवसीय प्रवास पर 22 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं. वे 22 अक्टूबर की शाम चार बजे गोडवाना एक्सप्रेस से बिलासपुर पहुंचेंगे. बिलासपुर में पहले दिन वे कोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में एक बौद्धिक वर्ग को संबोधित करेंगे. इस बौद्धिक वर्ग में केवल बिलासपुर जिले के संघ पदाधिकारी शामिल होंगे. डॉ. भागवत रात्रि विश्राम बिलासपुर में ही करेंगे. दूसरे दिन 23 अक्टूबर को संघ की प्रांतीय टोली की बैठक होगी, जिसमें छत्तीसगढ़ प्रांत के सभी प्रमुख संघ पदाधिकारी शामिल होंगे. बताया गया कि प्रांतीय टोली की बैठक में डॉ. पुर्णेन्दु सक्सेना, स्वपनिल कुलकर्णी, अभयराम, नारायण नामदेव, चंद्रशेखर वर्मा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे. इस बैठक के बाद संघ प्रमुख देर शाम जबलपुर के लिए रवाना होंगे और वहां विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे.
रिटायर्ड अधिकारी से 1 लाख 39 हजार की ठगी
बिलासपुर. सरकंडा थाना क्षेत्र में रिटायर्ड एसईसीएल अधिकारी का मोबाइल हैक कर 1 लाख 39 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली गई है. पुलिस अपराध दर्ज कर जांच में जुट गई है. सरकंडा टीआई प्रदीप आर्य ने बताया कि राजकिशोर नगर कल्याण बाग निवासी रिटायर्ड एसईसीएल अधिकारी भक्तिमय चौधरी 66 साल का मोबाइल हैक कर उनके बैंक खाते से 1 लाख 39 हजार रुपए क्रेडिट कार्ड में ट्रांसफर कर ऑनलाइन खरीदी कर ली गई है. मोबाइल में मैसेज आने पर उन्होंने बैंक जाकर जानकारी ली तो उन्हें ऑनलाइन ठगी के शिकार होने की जानकारी मिली. पुलिस ने श्री चौधरी की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है.
हाइवा की टक्कर से बाइक चालक की मौके पर मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम
बिलासपुर. बिल्हा और बिल्हा मोड़ के बीच मंगलवार को तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान मोहम्मद इरफान कुरैशी के रूप में हुई है. वह बिल्हा का निवासी था. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची बिल्हा पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को संभाला और चक्काजाम समाप्त कराया. जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मोहम्मद इरफान कुरैशी बाइक से सड़क से गुजर रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे हाइवा ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला. हादसे में गंभीर रूप से घायल इरफान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी. दुर्घटना में युवक की मौत की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई. हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया. इसके चलते मार्ग से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा. घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई. घटना की सूचना मिलते ही बिल्हा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने चक्काजाम कर रहे ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें समझाइश देकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया. पुलिस की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन बहाल हुआ. पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है. दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और हादसे के पीछे क्या कारण रहे, इसकी जांच की जा रही है. घटना में शामिल हाइवा और दुर्घटना से संबंधित अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है. हादसे में एक युवक की मौत से उसके परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है. पुलिस जांच के बाद दुर्घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई करेगी.
खुद को साइबर सेल का पुलिसकर्मी बताकर कार सवारों को धमकाया
पेंड्रा. जिले में खुद को साइबर सेल का पुलिसकर्मी बताकर कार सवार युवकों को रोकने, गांजा होने की सूचना का हवाला देकर पूछताछ करने, कार में तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. पीड़ित अर्जुन गोयल की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने तीन आरोपियों शुभम राठौर, विनय राठौर और रंजीत धुर्वे के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. मामले में शुभम राठौर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य दो आरोपी फरार हैं. पुलिस के अनुसार, गौरेला के अमरकंटक रोड निवासी अर्जुन गोयल रात करीब आठ बजे अपने चचेरे भाई सिद्धार्थ गोयल के साथ क्रेटा कार क्रमांक सीजी 10 जी 5000 से ज्योतिपुर चर्च की ओर से आ रहे थे. इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन व्यक्ति उनके पीछे पहुंचे और कार के शीशे पर हाथ मारने लगे. आरोप है कि अशोक मेडिकल के सामने मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल कार के आगे अड़ाकर उन्हें रोक लिया गया. इसके बाद तीनों ने खुद को साइबर सेल का पुलिसकर्मी बताते हुए कार में गांजा होने की सूचना मिलने की बात कही. भय के कारण कार सवारों ने दरवाजा नहीं खोला तो आरोपियों में से एक ने पत्थर मारकर कार की पिछली खिड़की का शीशा तोड़ दिया. इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई. घबराकर अर्जुन और सिद्धार्थ कार से उतरकर अशोक मेडिकल के अंदर चले गए. इस बीच तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ित ने गौरेला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है. साथ ही मामले के सभी पहलुओं की जांच करते हुए आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है.

घरघोड़ा में हर बुधवार लगेगा कलेक्टर का कैम्प कोर्ट
रायगढ़. जिले के लोगों को राजस्व मामलों के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय आने-जाने से राहत मिलेगी. कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने घरघोड़ा में कलेक्टर कैम्प कोर्ट शुरू करने का आदेश जारी किया है. इसकी शुरुआत 4 नवंबर से होगी. इसके बाद हर बुधवार को घरघोड़ा में कैम्प कोर्ट लगाया जाएगा. इस कैम्प कोर्ट में घरघोड़ा के साथ तमनार, लैलूंगा, मुकडेगा, धरमजयगढ़, छाल और कापू तहसील के राजस्व और अन्य मामलों की सुनवाई की जाएगी. इससे इन क्षेत्रों के लोगों को अपने मामलों के लिए रायगढ़ जिला मुख्यालय तक बार-बार आने की जरूरत कम होगी. कैम्प कोर्ट में छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता, 1959 के तहत आने वाले प्रथम और द्वितीय अपील, पुनरीक्षण और पुनर्विलोकन के मामलों की सुनवाई कर उनका निराकरण किया जाएगा. इसके अलावा संबंधित क्षेत्रों के नगरीय निकायों से जुड़े नगर पालिका अधिनियम के मामलों पर भी सुनवाई होगी. छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 के तहत धारा 122 में आने वाली निर्वाचन याचिकाओं की सुनवाई की जाएगी. वहीं, धारा 91 के तहत आने वाली अपील और पुनरीक्षण के मामलों पर भी सुनवाई कर निर्णय लिया जाएगा. हर बुधवार को कैम्प कोर्ट के साथ जनदर्शन और विभागीय समीक्षा बैठक भी होगी. जनदर्शन में आम लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें कलेक्टर के सामने रख सकेंगे. विभागीय बैठकों में सरकारी योजनाओं और विभागों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी. इसके साथ ही अन्य जरूरी प्रशासनिक कार्य भी किए जाएंगे. घरघोड़ा में कैम्प कोर्ट शुरू होने से लोगों को स्थानीय स्तर पर अपनी समस्याएं रखने और राजस्व मामलों की सुनवाई कराने की सुविधा मिलेगी. इससे आम लोगों का समय और आने-जाने का खर्च बचाने में भी मदद मिलेगी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

