Bilaspur News Update : बिलासपुर. मोटरसाइकिल हटाने की मामूली बात पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें युवकों पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने वाले दो आरोपियों को तोरवा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद फरार हुए एक आरोपी को मध्यप्रदेश से दबिश देकर पकड़ा गया, जबकि दूसरे आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने हमले में प्रयुक्त लोहे का चूड़ा भी जब्त कर लिया है. तोरवा पुलिस ने बताया कि 24 मई की रात करीब 8.20 बजे प्रार्थी अयन पाटले बाजार गया हुआ था. इसी दौरान मोटरसाइकिल हटाने की बात को लेकर कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अयन पाटले के सिर पर लोहे के चूड़े से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा. घटना की जानकारी मिलने पर उसका भाई अमन पाटले मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी अपने घर और क्षेत्र से फरार हो चुके थे. जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी निर्मल पासी मोबाइल बंद कर मध्यप्रदेश के महूरी क्षेत्र में छिपा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने देर रात दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया. वहीं दूसरे आरोपी शिवम पासी को उसके निवास से गिरफ्तार किया गया.
चूड़ा जब्त, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक नग लोहे का चूड़ा जब्त किया है. मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है.
अवैध खनन और परिवहन पर बड़ी कार्रवाई
बिलासपुर. अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. विभाग की टीम ने पचपेड़ी, लावर और मस्तूरी क्षेत्र में संयुक्त जांच अभियान चलाते हुए 2 जेसीबी, 1 लोडर मशीन और 5 हाईवा समेत कुल 9 वाहनों को जब्त किया है. वहीं ग्राम लिम्हा में संचालित मेसर्स कश्यप कोल डिपो को भी सील कर दिया गया. बताया जा रहा है कि भंडारण अवधि समाप्त होने के बावजूद डिपो का संचालन जारी था. कार्रवाई के दौरान करीब 1500 मीट्रिक टन कोयला भी जब्त किया गया है. सभी मामलों में खान एवं खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है.
कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
बिलासपुर. मस्तूरी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई. हादसा हाइवे पर भदौरा के पास हुआ. मृतक पेशे से इलेक्ट्रिशियन था और काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
जमीन खरीदने के नाम पर महिला से 1.90 करोड़ की धोखाधड़ी
बिलासपुर. जमीन खरीदने के नाम पर महिला से 1 करोड़ 90 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. गोंडपारा निवासी महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी अंकित एक्का ने ब्लैंक चेक देकर भरोसे में लिया और जमीन की रजिस्ट्री कराने के बाद रकम नहीं दी. मामले की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
तेल की डीलरशिप दिलाने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी
बिलासपुर. तेल का डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर थोक व्यापारी से 4.50 लाख की ठगी कर ली गई है. पुलिस अपराध कायम कर मामले की जांच कर रही है. तारबाहर पुलिस के अनुसार, राजकिशारेनगर शीला पार्क निवासी वंश पमनानी पिता सुरेश पमनानी 21 साल व्यापार विहार में ओंकार ट्रेडर्स के नाम से तेल का थोक व्यापार करते हैं. उनकी दोस्ती विद्यानगर निवासी राकेश सोनी से है. राकेश ने उन्हें बताया वह अरपा एडेबल्स नामक कंपनी में रीजनल मैनेजर है. उसने श्री पमनानी पर अपनी कंपनी की तेल का डीलरशिप लेने के लिए दबाव बनाया. दोस्त के झांसे में आकर श्री पमनानी ने 23 जनवरी से 4 फरवरी 2026 के बीच अलग अलग किश्तों में 4 लाख 50 हजार आनलाइन के माध्यम से दे दिए. उसके बाद श्री पमनानी ने उसे डीलरशिप की कागजी कार्रवाई और काम शुरू करने की बात कही तो वह लगातार टालमटोल करने लगा, ज्यादा दबाव बनाने पर राकेश सोनी ने उक्त कंपनी को फर्जी बताया और पैसा लौटाने से मना कर दिया. श्री पमानानी ने ईमेल, वाट्सएप के माध्यम से कंपनी के ओनर रामकुमार और एमडी प्रकाश कुमार से संपर्क कर न्याय की गुहार लगाई. किन्तु अधिकारियों ने राकेश सोनी का साथ देते हुए कोई कार्रवाई नहीं की. पुलिस ने श्री पमानानी की रिपोर्ट पर राकेश सोनी, रामकुमार व अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का जुर्म दर्ज कर लिया है.
कन्हाईबंद रेल अंडरब्रिज रहेगा बंद 31 तक
जांजगीर-चांपा. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के अंतर्गत जांजगीर नैला-कापन स्टेशनों के मध्य किमी 677/31-678/01 में स्थित कन्हाई बंद रेल अंडरब्रिज (एलएचएस-346) पर सड़क आवागमन को और अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सड़क मरम्मत का कार्य प्रगति पर है. उक्त कार्य के फलस्वरूप इस रेल अंडरब्रिज को 10 से 25 मई तक सड़क यातायात के लिए पूर्णतः बंद रखा गया था. किन्तु कार्य के दौरान कुछ अतिरिक्त तकनीकी कार्य जुड़ जाने के कारण अब इस रेल अंडरब्रिज को सड़क यातायात हेतु 31 मई तक पूर्णतः बंद रखने का निर्णय लिया गया है. इस अवधि में सड़क यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में पास में ही स्थित समपार संख्या 345 (बलौदा फाटक) का उपयोग करने की सलाह दी जाती है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

