Bilaspur News Update, बिलासपुर। अनुकंपा नियुक्ति के मामले में हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए कहा है कि अविवाहित सरकारी कर्मचारी की मृत्यु के बाद शादीशुदा बहन भी अनुकंपा नियुक्ति की हकदार है। सिर्फ वैवाहिक स्थिति और पूर्वाग्रह के आधार पर किसी महिला को उसके संवैधानिक अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता है।

दरअसल, बिलासपुर के नेहरूनगर निवासी दुर्गेश मिश्रा,जो लोक अभियोजन अधिकारी थे की मृत्यु बीते 13 जून 2018 को हुई थी । मृतक अविवाहित थे । इस आधार पर उनकी शादीशुदा बहन अमिता दुबे ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन दिया। जिसे गृह एवं सामान्य प्रशासन विभाग ने 19 सितंबर 2019 को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि अनुकंपा नीति में विवाहित बहन की नियुक्ति का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है। जिससे नाराज आवेदिका हाईकोर्ट पहुंची और नियुक्ति नीति का हवाला देते हुए कहा कि अविवाहित शासकीय सेवक के निधन पर शादीशुदा बेटी भी माता पिता के अनुशंसा के उपरांत अनुकंपा नियुक्ति के लिए अधिकृत है । याचिकाकर्ता पक्ष के इस तर्क पर हाईकोर्ट ने मुहर लगाते हुए शासन के नियुक्ति ना देने के आदेश को निरस्त कर दिया और 4 सप्ताह के भीतर याचिकाकर्ता के पक्ष में नया आदेश जारी करने का ऑर्डर जारी किया है।

चिंगराजपारा में मारपीट करने वालों पर कार्रवाई

बिलासपुर: जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चिंगराजपारा में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। सूर्या चौक पुराना तालाब के पास हुई इस हिंसक झड़प में आरोपियों ने सरेआम फरसा और चापड़ लहराकर आतंक मचाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों उमेश वर्मा उर्फ लिल्ले उर्फ राजा, जग्गू दास मानिकपुरी और संध्या सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 296, 115(2), 351(3), 118(1), 3(5) व आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 का तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही मारपीट में प्रयुक्त फरसा और एक बुलेट वाहन जब्त किया है।

डरा-धमकाकर पैसे और गहने हड़पने वाले 9 गिरफ्तार

बिलासपुर: सरकंडा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची को बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने डरा-धमकाकर बच्ची से 14.50 लाख रुपये नकद और करीब 450 ग्राम सोने के जेवरात हड़प लिए थे। इस गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक एक महिला समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला जनवरी 2025 से 1 जुलाई 2026 के बीच का है। आरोपियों ने एक नाबालिग बच्ची को मोहरा बनाते हुए उसके और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने बड़ी मात्रा में नकदी और सोना ऐंठ लिया, जिसे बाद में आपस में बांट लिया गया। मामले में अवैध रूप से सोने के जेवरात खरीदने वाले खरीदार भी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं।

जांच के दौरान सबसे पहले 2 अगस्त को पुलिस ने आयुष यादव, आदर्श शर्मा, प्रिंस साहू और आदित्य पांडे को गिरफ्तार किया था। इनसे हुई कड़ाई से पूछताछ के आधार पर प्रियम शर्मा और शौर्य करोलिया की संलिप्तता का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए प्रियम शर्मा, आकाश झा, शौर्य करोलिया, राजेश सोनी और खुशबू बुधिया को भी दबोच लिया।

सरकंडा थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी और भयादोहन से प्राप्त किए गए सोने के जेवरात एवं नगद राशि को विधिवत जब्त कर लिया है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इस ब्लैकमेलिंग रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का भंडाफोड़

बिलासपुर में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए सिटी कोतवाली पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों विनोद साहू और विशाल कुमार बुनकर को अरपा बैराज और पचरी घाट नदी किनारे से पकड़ा है।

आरोपियों के पास से 50 नग Nitrazepam टैबलेट और 23 नग Onerex Cough Syrup जब्त किए गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये दवाइयां इन्हें कहां से और किस-किस को सप्लाई करनी थीं। पुलिस इस अवैध नेटवर्क से जुड़े आर्थिक लेन-देन और बैंक खातों की भी गहराई से जांच कर रही है ताकि इस अवैध व्यापार से जुड़े अन्य चेहरों बेनकाब किया जा सके।

नशीली दवाइयों की धरपकड़ के बीच पुलिस को गांजा तस्करी के मामले में भी बड़ी सफलता हाथ लगी है। 20 किलो गांजा तस्करी के मामले में काफी समय से फरार चल रहा मुख्य सप्लायर अजीत थनापति पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस टीम ने विशेष दबिश देकर आरोपी को उसके गृह राज्य उड़ीसा से गिरफ्तार किया है। इस पूरे सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस पहले ही 20 किलो गांजे के साथ चार अन्य आरोपियों को जेल भेज चुकी है। अब मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी से इस अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क की अहम कड़ियां जुड़ गई हैं।

विधायक का स्वास्थ्य मंत्री को पत्र

बिलासपुर के कोटा क्षेत्र में मलेरिया के बढ़ते मामलों को लेकर विधायक अटल श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर विशेष स्वास्थ्य व्यवस्था की मांग की है। उन्होंने बताया कि अब तक 33 मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हो चुकी है। विधायक ने प्रभावित गांवों में 5 हजार मच्छरदानियां वितरित करने, बेलगहना या केंदा में 108 एंबुलेंस की तैनाती, स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा पर्याप्त दवाइयां और जांच किट उपलब्ध कराने की मांग की है।

दो मजदूरों की मौत का मामला

कस्तूरबा नगर के स्वर्ण जयंती नगर कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान में बिजली तार की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत के मामले में नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। भवन का नक्शा जोन क्रमांक-3 से स्वीकृत हुआ था, लेकिन जांच में निर्माण नक्शे के विपरीत पाए जाने की बात सामने आई है। आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने संबंधित फाइल मुख्य कार्यालय में मंगाई है और भवन शाखा परीक्षण कर रही है।

निगम अधिकारियों के अनुसार भवन मालिक को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था, जिसका जवाब भी प्राप्त हो चुका है। परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर मकान तोड़ने सहित आगे की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम क्षेत्र में पिछले एक वर्ष में अवैध और नक्शे के विपरीत निर्माण के 977 मामले सामने आए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m