Ghaziabad Vasundhara police station blast, गाजियाबाद. वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाके (Ghaziabad Vasundhara police station blast) का मामला सामने आया है. घटना की सूचना मिलते ही UP ATS वसुंधरा पुलिस चौकी पहुंची. यूपी ATS चौकी पहुंच कर जांच पड़ताल कर रही है. इससे पहले फील्ड यूनिट और BDS की टीम ने जांच की थी. जांच में अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. ब्लास्ट का स्पष्ट कारण नहीं पता करने पर अब ATS पुलिस चौकी पहुंची है. नोएडा की एटीएस यूनिट घटना की जांच कर रही है.

इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली वसुंधरा चौकी में ये घटना शुक्रवार रात हुई. जहां जोरदार धमाका हुआ. ब्लास्ट इतना तेज था कि चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए. वहीं दीवारों पर भी हल्की सी दरार आ गई है. जानकारी के मुताबिक ये हादसा रात करीब 9 बजे चौकी के पीछे हुआ. जहां कबाड़ गाड़ियां पार्क होती है. हादसे के वक्त वसुंधरा पुलिस चौकी के एक सब-इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी ब्वॉय मौके पर मौजूद थे. डिलीवरी ब्वॉय वहां कोई सामान देने पहुंचा था.

इसे भी पढ़ें : सपा नेता की पत्नी ने छोड़ी PCS की नौकरी, यहां से चुनाव लड़ने की चर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंचे. टीम ने मौके से सबूत और सैंपल जमा करके जांच के लिए आगरा भेज दिए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और स्थिति नियंत्रण में है. ये घटना इसलिए भी ज्यादा संवेदनशील है, क्योंकि धमाका किसी सुनसान जगह पर नहीं, बल्कि एक पुलिस चौकी के अंदर हुआ है.

चौकी के दोनों तरफ सड़क है, जो इंदिरापुरम और गाजियाबाद को जोड़ती है. इसके ठीक ऊपर दिल्ली से राजनगर की तरफ जाने वाला एलिवेटेड रोड भी है. यानी ये इलाका लगातार आवाजाही वाला क्षेत्र है. हैरानी की बात ये है कि घटनास्थल के आसपास कोई CCTV कैमरा मौजूद नहीं है. इतना ही नहीं, पुलिस चौकी के मुख्य गेट पर लगे CCTV कैमरे में क्या कैद हुआ या नहीं ये भी साफ नहीं है. फिलहाल घटना की जांच जारी है.