Bilaspur News Update : बिलासपुर. रेलवे सुरक्षा बल डोंगरगढ़ की सक्रियता से रेलवे लाइन पर लोहा रखकर ट्रेन को क्षति पहुंचाने वाला आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. लोहे के टुकडे से इतवारी-बिलासपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन के ऑयल टैंक को नुकसान पहुंचा था. उसने लोहे के टुकड़े को सीधा करने रेलवे ट्रेक में रखा था. 12856 इतवारी-बिलासपुर एक्सप्रेस के इंजन के परमालकसा के पास एक जुगल प्लेट इंजन के नीचे टकराने से इंजन का ऑयल टैंक क्षतिग्रस्त हो गया था. यह घटना पांच अप्रैल को हुई थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट डोंगरगढ़ द्वारा अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अपराध दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ की गई. यह घटना रेल परिचालन के लिए अत्यंत गंभीर एवं संभावित दुर्घटना का कारण बन सकती थी. जांच के दौरान प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम पर्री नाला में एक घर पर दबिश दी गई. पूछताछ के दौरान एक पन्द्रह वर्षीय बालक को चिन्हित किया गया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने रेलवे लाइन के पास पड़े लोहे के टुकड़े को यह सोचकर पटरी पर रख दिया था कि ट्रेन के गुजरने से वह सीधा हो जाएगा. बालक के इस कृत्य के कारण इंजन के ऑयल टैंक को क्षति पहुंची तथा रेल परिचालन प्रभावित हुआ. आरोपी द्वारा अपनी गलती स्वीकार करने के उपरांत विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए उसे मामले में सम्मिलित किया गया.

युवती से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. बिल्हा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती के साथ दुष्कर्म करने और धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने 13 अप्रैल को थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. उसने बताया कि 26 मार्च की रात करीब 2 बजे आरोपी मुकेश कुमार ढीमर (23 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03 बिल्हा, उसके घर में घुस गया और चाकू अड़ाकर उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा तथा जान से मारने की धमकी दी. थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया. इसके बाद एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं सीएसपी चकरभाठा डी. आर. टंडन के मार्गदर्शन में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई. पुलिस टीम ने पतासाजी कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया. इसके बाद आज उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
शराब दुकान के बाहर युवकों में मारपीट, 3 गिरफ्तार
कोरबा. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका शराब दुकान के बाहर जमकर मारपीट का मामला सामने आया है. मामूली बात की बात पर विवाद को लेकर बदमाशों ने जमकर मारपीट की. इस दौरान अन्य लोगों में दहशत का माहौल बन गया. पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पेशी के बाद कोर्ट ने जेल भेज दिया है.
जानकारी के मुताबिक, शराब दुकान में भीड़ होने के कारण कुछ लोगों आपस में टकरा गए. इस दौरान 3 युवकों ने डंडे से मारपीट कर दी. घटना का वीडियो भी सामने आया है. शिकायत के बाद पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें शिवम सिंह, मयूर टांक और सोमेश दीवान शामिल है. वहीं एक अन्य युवक पर 151 की धारा के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल में भेज दिया गया है.
देखें वीडियो
IPL मैच में सट्टा खेलाने वाले रैकेट का खुलासा, 1 गिरफ्तार,
कोरबा. कोरबा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा एप मामले में बड़ी कार्रवाई की है. KHELO BAAZI BOOK नाम से संचालित प्लेटफार्म में आईडी बनाकर सट्टा खिलाया जा रहा था. पुलिस ने आरोपी जशवीर राना को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
आरोपी जशवीर के पास से आईडी में 72,020 रुपये का बैलेंस जमा मिला है. मोबाइल, दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए गए हैं. आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 335/2026, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6-क, 7-1 के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी जशवीर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया.
लोकसेवा केंद्र की आड़ में ठगी का धंधा, गिरोह के 26 गिरफ्तार
रायगढ़. जिले में फर्जी मैट्रिमोनियल साइट के नाम पर बड़े साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए थाना साइबर पुलिस ने निधि परिवहन केन्द्र और श्रीमती शांति देवी शिक्षा सोसायटी केन्द्र में संचालित अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़ किया है. मामले में केंद्र संचालकों सहित कार्यालय में कार्यरत युवतियों को मिलाकर कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है. आरोपियों के विरुद्ध संगठित अपराध, धोखाधड़ी, कूट रचना एवं आईटी एक्ट की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है. पुलिस ने बताया कि एसएसपी शशि मोहन सिंह के संज्ञान में मामला आने के बाद उन्होंने स्वयं टीम को लीड करते हुए एडिशनल एसपी अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा सहित साइबर व महिला थाना की संयुक्त टीम के साथ दरोगापारा स्थित दोनों केंद्रों पर छापेमारी की जहां कार्रवाई के दौरान आरटीओ संबंधी कार्य के नाम पर फर्जी मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म के जरिए देशभर के लोगों से ठगी किए जाने का खुलासा हुआ. मौके पर एसडीएम रायगढ़ एवं आरटीओ अधिकारी भी पहुंचे. पुलिस के अनुसार पीड़ित की शिकायत पर केंद्र में बाहरी रूप से लाइसेंस व दस्तावेज बनाने का कार्य दिखाया जाता था, जबकि अंदर अलग-अलग कमरों में फर्जी दस्तावेज तैयार करने, वीडियो एडिटिंग और कॉल सेंटर संचालित कर युवतियों के माध्यम से लोगों को शादी के नाम पर फंसाकर पैसे वसूले जाते थे. गिरोह द्वारा फर्जी जीमेल आईडी, मोबाइल नंबर और यूट्यूब चैनल के माध्यम से नकली प्रोफाइल तैयार कर संपर्क स्थापित किया जाता था, फिर रजिस्ट्रेशन फीस, मीटिंग फीस और अन्य बहानों से यूपीआई के जरिए रकम वसूली जाती थी. इस मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने पीड़ित के लिखित आवेदन पर धारा 319 (2), 336 (3), 336(4), 338, 340(2), 61 (2), 112(2), 316(2) 318(4) BNS एवं आई टी एक्ट की धारा 66C, 66D के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

