Bilaspur News Update : बिलासपुर. महिलाओं, बच्चों, विरष्ठजनों, दिव्यांगो, बीमार एवं आमजनों को गर्मी से राहत देने दोपहर 12 बजे से 4 बजे ट्रैफिक सिग्नल बंद रहेगा. एसएसपी रजनेश सिंह के दिशा निर्देश पर यह आदेश जारी किया गया है. पुलिस के मुताबिक वर्तमान में ग्रीष्म ऋतु के दौरान अत्यंत भीषण गर्मी एवं तापमान में वृद्धि को देखते हुए महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठजनों, दिवयांगों, बीमार एवं अस्वस्थय सहित आमजनों को आवागमन के दौरान सिग्नल में रूकने से तेज धूप का सामना करना पड़ता है इस बात को दृष्टिगत रखते हुए पूर्व वर्ष की भांति इस वर्ष भी 17 अप्रैल से दोपहर 12 से लेकर शाम 4 बजे तक सभी चौक चौराहोंके सिग्नल को अस्थाई रूप से बंदी की जाएगी. ताकि आम नागरिकों को अपने गंतव्य तक जाते समय मार्ग में पड़ने वाले चौक चौराहो में लगे हुए सिग्नलके पास रूकना ना पड़े और इस भीषण गर्मी में तेज धूप एवं लू का सामना न करना पड़े.

आवासीय विद्यालयों में 9वीं प्रवेश के लिए आवेदन की आज अंतिम तिथि
मुंगेली. मुख्यमंत्री बाल भविष्य योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन 17 अप्रैल तक आमंत्रित किया गया है. आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 17 अप्रैल 2026 तक निर्धारित की गई है. आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर विद्यार्थी 18 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026 तक सुधार कर सकेंगे. प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा 1 मई से 9 मई तक उपलब्ध रहेगी, जबकि प्रवेश परीक्षा 10 मई 2026 को की जाएगी.
4 कार्टन नकली सिगरेट के साथ आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. कहीं आप नकली सिगरेट तो नहीं खरीद रहे हैं. पुलिस ने गोल्ड फ्लैक के नकली प्रोडक्ट का अवैध कारोबार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी गोडाउन में भारी मात्रा में नकली सिगरेट रखा हुआ था. सूचना पर पुलिस और आईटीसी कंपनी के अधिकारियों ने दबिश देकर आरोपी रोशन चांदवानी को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में पता चला कि आरोपी गोडाउन में स्टॉक रखकर फेरी के जरिए सप्लाई कर रहा था. आरोपी के पास से 4 कार्टन में 1220 डिब्बी नकली गोल्ड फ्लैक सिगरेट जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत 4 लाख 74 हजार रुपये है. आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 349 सहित कॉपीराइट एक्ट 1957 और ट्रेड मार्क एक्ट 1999 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
किराए में वाहन लेकर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपियों की तलाश जारी
अकलतरा. पुलिस ने जेसीबी और अन्य वाहनों को किराये पर लेकर बेचने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीपरसत्ती निवासी प्रदीप कुमार कोसले ने बैंक से लोन लेकर जेसीबी मशीन खरीदी थी, जिसे वह किराये पर चलाते थे. कुछ समय पहले बकरकुदा (मस्तुरी) निवासी तीरथ राज ने, बम्हनीन निवासी शनिकुमार के माध्यम से, उक्त जेसीबी किराये पर ली थी. तय समय पर मशीन वापस नहीं मिलने और संपर्क नहीं हो पाने पर प्रदीप कुमार ने अकलतरा थाने में शिकायत दर्ज कराई. मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने जांच शुरू की. जांच के दौरान शनिकुमार को हिरासत में लिया गया, जिसने पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम उजागर किए. खुलासा हुआ कि यह गिरोह किराये पर वाहन लेकर उन्हें सस्ते दामों में बेच देता था. जांच में खम्हरिया (सीपत बिलासपुर) निवासी राहुल खांडे का नाम सामने आया, जिसने रायपुर निवासी अमृत साहू की करीब 40 लाख रुपये की जेसीबी को मात्र 3.70 लाख रुपये में बेच दिया था. पुलिस को जानकारी मिली है कि गिरोह अब तक करीब पांच वाहनों की इसी तरह ठगी कर चुका है. इसके अलावा दीपका निवासी करण कुमार का ट्रेलर भी किराये पर लेकर बेचने का मामला सामने आया है. मामले में यह भी सामने आया कि आरोपी राहुल खांडे ने ठगी से अर्जित रकम को व्यक्तिगत कार्यक्रम में खर्च किया. सरकंडा थाना में पहले से दर्ज मामले में पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया था, लेकिन वह फरार हो गया था. जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि राहुल खांडे की मां पूर्णिमा देवी ने किसी अन्य व्यक्ति के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर करीब 26 लाख रुपये का लोन लिया और उससे वाहन खरीदा. जब लोन की वसूली का नोटिस संबंधित व्यक्ति के पास पहुंचा, तब इस धोखाधड़ी का पता चला. फिलहाल पुलिस ने गिरोह के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस का मानना है कि आगे की पूछताछ में और भी वाहनों की हेराफेरी के मामले सामने आ सकते हैं.
फांसी पर लटकी मिली युवक की लाश
लोरमी. नगर पालिका लोरमी के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 5 में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस मामले में मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है. जानकारी के अनुसार बुधवार को दोपहर 12 बजे शिवकुमार खत्री पिता सोनराज खत्री उम्र 40 वर्ष की लाश उसके बेडरूम में फांसी पर लटकते हुए मिली. परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश का पंचनामा कर शव पीएम कराकर परिजनों के सुपुर्द किया. घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है.
अवैध खनन पर कार्रवाई
बिलासपुर. बिलासपुर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में लगभग डेढ़ दर्जन राजस्व एवं खनिज अमले द्वारा संयुक्त जांच अभियान चलाया गया. जांच के दौरान तखतपुर, काठकोनी, भरनी, चोरभट्ठी, गनियारी, नेवरा, टांडा, अमने, मंगला एवं धुरिपारा क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया. नेवरा क्षेत्र से खनिज मुरुम का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए 1 चैन माउंटेन मशीन एवं 2 हाइवा वाहन जप्त किए गए. तखतपुर क्षेत्र से मुरुम का परिवहन करते 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली और मंगला-धुरिपारा क्षेत्र से रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त की गई. इस प्रकार कुल 6 वाहनों को जप्त कर थाना सकरी, कोटा एवं कोनी की अभिरक्षा में रखा गया है, वहीं चैन माउंटेन मशीन को यथास्थान सीलबंद किया गया है. खनिज विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

