Bilaspur News Update: बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने सिम्स अस्पताल के गेट के पास युवक से शराब के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए नुकीले पेचकस से युवक की हथेली पर वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी आशीष यादव फरार हो गया था। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गोंडपारा में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 119(1), 118(1), 115(2) और 351(3) BNS के तहत कार्रवाई की है।

कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़ी गई, 2 गिरफ्तार, 2 फरार
बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कार की डिक्की से 520 नग प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद किया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कफ सिरप उपलब्ध कराने वाले दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए प्रतिबंधित कफ सिरप ले जाया जा रहा है। सूचना पर सरकंडा पुलिस की टीम ने बिरकोना रोड गैस गोदाम के पास घेराबंदी की। इसी दौरान काले रंग की कार क्रमांक CG 04 QD 9753 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की से 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद हुआ। बरामद कफ सिरप का कुल वजन 85.02 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,04,780 है। पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप के अलावा एक कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने मामले में मिथुन बघेल व अमन कुमार चौबे को गिरफ्तार किया है। वहीं राजा भोई और नीरज पटेल फरार हैं। दोनों पर गिरफ्तार आरोपियों को बिक्री के लिए कफ सिरप उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। आरोपियों के खिलाफ थाना सरकंडा में धारा 21, 22 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
हत्या की जांच पर उठे सवाल, CBI जांच की मांग
बिलासपुर। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के जुनवानी नवापारा में तुलसी राम टंडन की हत्या का मामला अब पुलिस जांच को लेकर विवादों में घिर गया है। मृतक के बेटे फुलेश्वर टंडन ने बुधवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर मामले की सीबीआई जांच कराने और आरोपी के बेटे का नार्को टेस्ट कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले की जांच को सीमित दायरे में रखा है, जबकि हत्या में अन्य लोगों की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
परिजनों के अनुसार, 10 जुलाई को तुलसी राम टंडन तिल बोने के लिए खेत जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान खेत में उनका शव मिला। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। हालांकि, परिजनों का दावा है कि हत्या में एक से अधिक लोगों की भूमिका हो सकती है और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच जरूरी है।
फुलेश्वर टंडन का कहना है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद भी एक संभावित कारण हो सकता है। उन्होंने बिलासपुर रेंज के आईजी और एसपी से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच की मांग की है। परिवार की मांग है कि सभी संदिग्धों से पूछताछ कर कथित साजिश की कड़ियों को जोड़ा जाए। फुलेश्वर ने कहा, “मुझे नार्को टेस्ट चाहिए। मेरे पिता के असली कातिलों को पकड़ा जाए। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और उन्हें उम्रकैद की सजा मिले।”
जंगल में प्लास्टिक फेंका तो लगेगा जुर्माना
बिलासपुर। वन्यप्राणियों की सुरक्षा और संरक्षण को देखते हुए वन मुख्यालय ने बड़ा निर्णय लिया है। एटीआर सहित प्रदेश के सभी वन मंडलों और संरक्षित क्षेत्रों में प्लास्टिक के इस्तेमाल और कचरे पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। अब यदि किसी सैलानी के पास प्रतिबंधित प्लास्टिक पाया जाता है या उसे जंगल में फेंकते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 500 रुपए या उससे अधिक की प्रशमन राशि वसूल की जाएगी।
वन्यप्राणियों के संरक्षण के लिए सख्त होगी कार्रवाई
वन्यप्राणियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए शासन स्तर पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। प्रदेश के सभी वन मंडलों, रेंज, डिवीजन, अचानकमार टाइगर रिजर्व सहित राष्ट्रीय उद्यान और अभयारण्यों को प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्त करने के लिए कार्रवाई का दायरा बढ़ाया जा रहा है। संरक्षित क्षेत्रों में प्रतिबंधित प्लास्टिक मिलने पर केवल समझाइश देने के बजाय तलाशी, जब्ती, प्लास्टिक हटाने और नियमों के तहत प्रशमन राशि वसूलने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सर्किल फॉरेस्ट ऑफिसर और बीट फॉरेस्ट ऑफिसर स्तर तक के अधिकारियों को अधिकार देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
वन्यजीव प्रबंधन एवं जैव विविधता संरक्षण के प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव वार्डन कार्यालय की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि संरक्षित क्षेत्रों में प्लास्टिक के उपयोग पर पहले से रोक के निर्देश हैं। इसके बावजूद प्लास्टिक के उपयोग और कचरे पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। इसे देखते हुए अब छत्तीसगढ़ प्लास्टिक एवं अन्य जैव अनाशित सामग्री नियम, 2023 के प्रावधानों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य के नियमों के तहत प्लास्टिक कैरी बैग, नॉन-वूवन पॉलीप्रोपलीन बैग, प्लास्टिक और थर्मोकोल से बने डिस्पोजेबल कप, प्लेट, गिलास, कटोरे, चम्मच और स्ट्रॉ समेत कई वस्तुएं प्रतिबंधित हैं।
टाइगर रिजर्व में भी सख्त प्रावधान लागू
अचानकमार टाइगर रिजर्व के अलावा प्रदेश के उदंती-सीतानदी, इंद्रावती और गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व सहित राष्ट्रीय उद्यानों और अभयारण्यों के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि संबंधित क्षेत्रों के सर्किल और बीट फॉरेस्ट अधिकारियों को नियमों के तहत कार्रवाई के लिए अधिकृत एवं सशक्त किया जा सकता है।
500 से 1 लाख रुपए तक प्रशमन राशि
नियमों में अपराध की प्रकृति और संबंधित व्यक्ति के आधार पर प्रशमन राशि निर्धारित की गई है। पहली बार उल्लंघन करने पर व्यक्ति या स्ट्रीट वेंडर से 500 रुपए, दुकान या प्रतिष्ठान से 5 हजार रुपए और निर्माता से 1 लाख रुपए तक की राशि ली जा सकती है। दूसरी बार अपराध करने पर यह राशि क्रमशः 5 हजार, 50 हजार और 2 लाख रुपए होगी। इसके बाद के अपराधों को अशमनीय रखा गया है।
जुर्माने की राशि और अपराध के प्रशमन के रूप में प्राप्त राशि राज्य सरकार के संबंधित खाते में जमा की जाएगी। इस राशि का उपयोग पर्यावरण संरक्षण और पर्यावरण से जुड़ी विभिन्न कार्ययोजनाओं में किया जाएगा।
कांग्रेस के नए ब्लॉक अध्यक्षों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर
बिलासपुर। कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर अभियान चला रही है। संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त किए गए नए ब्लॉक अध्यक्षों के लिए संभागवार तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बिलासपुर संभाग में 10 से 12 सितंबर तक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें संभाग के 74 कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शामिल होंगे।
बिलासपुर के मोपका स्थित चावला ग्रीन में आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त मास्टर ट्रेनर्स ब्लॉक अध्यक्षों को प्रशिक्षण देंगे। इसके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी ब्लॉक अध्यक्षों से संवाद करेंगे और संगठन को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। नए ब्लॉक अध्यक्षों के लिए पहली बार इस तरह का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले कांग्रेस की ओर से जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जा चुका है।
जल उपयोगिता समिति की होगी बैठक
बिलासपुर। संभाग स्त्रीय जल उपयोगिता समिति की बैठक आज दोपहर 12 बजे संभागीय आयुक्त कार्यालय कोनी के सभा कक्ष में होगी। इसकी अध्यक्षता आयुक्त बिलासपुर संभाग करेंगे। अधीक्षण अभियंता ने जल संसाधन मंडल बिलासपुर ने बताया कि इसमें क्षेत्र के जन प्रतिनिधि एवं अधिकारीगण शामिल होंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



