बिलासपुर। पति की मौत के बाद एक महिला को शादी करने और उसके तीन बच्चों को अपनाने का भरोसा देकर लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने महिला से शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए और बीमा व बैंक खातों से करीब 20 से 22 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद वह मोबाइल बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को दुर्ग जिले के धमधा से गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

पति की मौत के बाद महिला के संपर्क में आया आरोपी

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, पीड़िता के पति की सितंबर 2025 में मौत हो गई थी। इसके बाद उसके पूर्व परिचित मनोज यादव ने दोबारा उससे संपर्क किया। आरोप है कि मनोज ने महिला से शादी करने और उसके तीनों बच्चों को अपने साथ रखने का भरोसा दिलाया। इस भरोसे के आधार पर उसने महिला के साथ नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का वादा कर जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

मकान खरीदने समेत कई बहानों से लिए पैसे

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने पामगढ़ में मकान खरीदने और दूसरे कामों का हवाला देकर उससे रकम मांगी। महिला ने अपने बीमा और बैंक खातों से पैसे निकालकर आरोपी को दिए। रकम नकद के साथ PhonePe के जरिए भी ट्रांसफर की गई।

पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने इस तरह करीब 20 से 22 लाख रुपये ले लिए। पैसे मिलने के बाद उसने महिला से संपर्क बंद कर दिया और अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिया। बाद में उसने शादी करने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने सरकंडा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

साइबर सेल की मदद से धमधा में पकड़ा गया आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन दुर्ग जिले के धमधा में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर घेराबंदी की और मनोज कुमार यादव को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने महिला से पैसे लेने की बात स्वीकार की। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, उसने बताया कि महिला से मिली रकम का इस्तेमाल अपने और परिवार के खर्चों, सोने के जेवर छुड़ाने और निजी जरूरतों को पूरा करने में किया।

ATM कार्ड, ऋण के कागजात और मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लेनदेन में इस्तेमाल बैंक ATM कार्ड, ऋण से जुड़े दस्तावेज और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। इन सामानों को मामले की जांच से जुड़े साक्ष्यों के तौर पर जब्त किया गया है।

सरकंडा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 318(4) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार यादव (30), पिता पुनीराम यादव, निवासी धनगांव, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H