Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा के सियासी गलियारों में इस वक्त एक नई चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। बीजू जनता दल से निलंबित विधायक सौभिक बिश्वाल शनिवार को अचानक भुवनेश्वर स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। उनके इस कदम के बाद कटक-चौद्वार और राज्य की राजनीति में समीकरण तेजी से बदलने की अटकलें लगाई जा रही हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सौभिक बहुत जल्द आधिकारिक रूप से ‘कमल’ थाम सकते हैं।
कटक के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक प्रभात बिश्वाल के बेटे सौभिक बिश्वाल को हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण बीजेडी से निलंबित कर दिया गया था। दरअसल, सौभिक ने पार्टी के व्हिप का उल्लंघन करते हुए बीजेडी उम्मीदवार संतृप्त मिश्रा के बजाय बीजेपी के प्रत्याशी दिलीप राय के पक्ष में अपना वोट (क्रॉस-वोटिंग) डाला था।
पार्टी के निर्देशों के खिलाफ जाने की वजह से उन पर यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई थी। बीजेपी दफ्तर पहुंचने के बाद सौभिक बिश्वाल ने अपने बयानों से बीजेडी नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अपने फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि वह अपने पिता का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं कर सकते।
सौभिक ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “राज्यसभा चुनाव से कुछ दिन पहले ही मेरे पिता (प्रभात बिश्वाल) को बिना किसी ठोस कारण के बीजेडी से निष्कासित कर दिया गया था। जब मुझे नवीन निवास (नवीन पटनायक का आवास) बुलाया गया, तो मुझे लगा कि वहां मेरे पिता के राजनीतिक भविष्य या उनके योगदान को लेकर कोई चर्चा होगी। लेकिन इसके विपरीत, मुझे सिर्फ पार्टी के उम्मीदवार संतृप्त मिश्रा को वोट देने का फरमान सुना दिया गया।” उन्होंने कहा कि जिस दल ने उनके पिता के दशकों के समर्पण को दरकिनार कर दिया, वहां रुकने का कोई औचित्य नहीं था।
प्रभात बिश्वाल और उनके बेटे सौभिक बिश्वाल का कटक-चौद्वार विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं पर मजबूत होल्ड माना जाता है। पिछले कुछ दिनों से इस बात की भी सुगबुगाहट तेज थी कि पूर्व विधायक प्रभात बिश्वाल भी बीजेपी में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में सौभिक का खुद बीजेपी मुख्यालय जाना इस बात की पुष्टि करता है कि यह राजनीतिक परिवार अब पूरी तरह से भगवा खेमे का हिस्सा बनने जा रहा है। यदि यह दलबदल औपचारिक रूप ले लेता है, तो यह कटक और उसके आसपास के क्षेत्रों में विपक्षी दल बीजेडी के लिए एक बड़ा संगठनात्मक झटका साबित हो सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

