राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्यप्रदेश में संगठनात्मक मजबूती और नेताओं के बीच बेहतर तालमेल बिठाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में जिलों में आपसी समन्वय और एकजुटता बनाने के उद्देश्य से हरदा में पहली महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। हरदा जिले में नेताओं के बीच समन्वय की कमी को देखते हुए खुद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कमान संभाली और यह बैठक ली।
संवाद और संगठनात्मक एकजुटता पर जोर
बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने हरदा संगठन के पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ सीधा संवाद किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आपसी मतभेदों को दूर कर संगठन में समन्वय (Coordination) स्थापित करना और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करना था, ताकि आगामी सांगठनिक कार्यों और चुनावों में पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर सके।
बाघों की मौत पर हाईकोर्ट सख्तः सरकार को नोटिस, बांधवगढ़ में ढाई महीने के भीतर 8 Tiger की मौत,
बैठक में कई दिग्गज नेता रहे मौजूद
हरदा में हुई इस हाई-प्रोफाइल और संवेदनशील बैठक में क्षेत्र के कई दिग्गज और वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से कमल पटेल (पूर्व कृषि मंत्री), संजय शाह (पूर्व विधायक), राजेश वर्मा (भाजपा जिला अध्यक्ष), अमरसिंह मीणा (पूर्व जिला अध्यक्ष), राधेश्याम डूडी (पूर्व जिला संयोजक, सहकारिता प्रकोष्ठ) है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा
माना जा रहा है कि पिछले कुछ समय से स्थानीय स्तर पर नेताओं के बीच दिख रही खींचतान को समाप्त करने के लिए प्रदेश नेतृत्व गंभीर है। प्रदेश अध्यक्ष की इस पहली ही बैठक के बाद अब हरदा भाजपा में अंदरूनी गुटबाजी थामने और नए सिरे से एकजुटता दिखने की उम्मीद जताई जा रही है।


