Bihar News: भारतीय जनता पार्टी ने आज बुधवार (23 सितंबर) को संगठन के स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पार्टी ने विभिन्न राज्यों के लिए प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों के नामों का ऐलान किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इन नियुक्तियों की घोषणा की है।

हरीश द्विवेदी बने बिहार के नए प्रदेश प्रभारी

बिहार बीजेपी के लिए भी इस संगठनात्मक बदलाव में अहम फैसला लिया गया है। पार्टी ने हरीश द्विवेदी को बिहार का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ रोहन गुप्ता और संगीता यादव को बिहार का सह प्रभारी बनाया गया है। तीनों नेता अब बिहार में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

बिहार के इन दो नेताओं को भी मिली जिम्मेदारी

पार्टी के इस फेरबदल के साथ बिहार बीजेपी से जुड़े दो वरिष्ठ नेताओं को दूसरे राज्यों में संगठन की जिम्मेदारी मिली है। बिहार बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और मौजूदा विधायक मंगल पांडेय को असम का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, बिहार बीजेपी के नेता और पूर्व एमएलसी देवेश कुमार को अरुणाचल प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

सीएम सम्राट चौधरी ने दी बधाई

हरीश द्विवेदी को बिहार का नया प्रदेश प्रभारी बनाए जाने पर सीएम सम्राट चौधरी ने उन्हें बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, हरीश द्विवेदी को को बिहार भाजपा का प्रभारी तथा श्रीमती संगीता यादव और रोहन गुप्ता को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक शुभकामनाएं। सीएम ने कहा कि, विश्वास है कि वे अपने अनुभव एवं संगठनात्मक दायित्वों के माध्यम से बिहार में संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

बीजेपी की ओर से जारी नई नियुक्तियों को पार्टी के आगामी संगठनात्मक कामकाज के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद संबंधित नेता अपने-अपने राज्यों में पार्टी के संगठन को मजबूत करने और गतिविधियों को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

ये भी पढ़ें- ‘हम हारे नहीं, हराया गया’, EC में 14 आपत्तियों की रिपोर्ट के बाद ज्ञानेश कुमार पर बरसे तेजस्वी