हेमंत शर्मा, इंदौर। ठेले वालों के समर्थन में नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ गाड़ी के सामने धरने पर बैठने वाले पार्षद कुणाल सोलंकी अब खुद गंभीर आरोपों के घेरे में हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने पार्षद पर ठेले वालों से कथित तौर पर रोजाना पैसे लेने, अवैध कॉलोनियां बसवाने और गोडाउन निर्माण के नाम पर रकम लेने जैसे आरोप लगाए हैं। हालांकि, ये आरोप फिलहाल आरोप ही हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। Lalluram.com से बातचीत में पार्षद कुणाल सोलंकी ने इन आरोपों पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

200 रुपए प्रति ठेला रोज लेने का आरोप

राकेश यादव का दावा है कि जिन ठेले वालों के समर्थन में पार्षद कुणाल निगम की कार्रवाई के दौरान गाड़ी के सामने धरने पर बैठे थे, उन्हीं ठेले वालों से कथित तौर पर प्रति ठेला 200 रुपये प्रतिदिन लिए जाते हैं। यदि यह आरोप सही है, तो सवाल उठता है कि ठेले वालों के हितों की लड़ाई के पीछे वास्तव में कौन-सा हित काम कर रहा है? हालांकि, इस कथित वसूली के संबंध में कोई स्वतंत्र प्रमाण सामने नहीं आया है।

राव कॉलोनी में आलीशान बंगले का दावा

प्रवक्ता ने यह आरोप भी लगाया कि पार्षद कुणाल अपने निर्वाचित क्षेत्र में रहने के बजाय राव कॉलोनी स्थित आलीशान बंगले में रहते हैं। उन्होंने पार्षद के आवास को लेकर भी सवाल उठाए हैं। 14 अवैध कॉलोनियां बसवाने और गोडाउन के लिए 3 लाख लेने के आरोप। राकेश यादव ने आरोप लगाया कि कुणाल के पार्षद बनने के बाद से क्षेत्र में 14 अवैध कॉलोनियां बसवाई गईं। इसके अलावा उन्होंने गोडाउन बनवाने के नाम पर कथित तौर पर तीन लाख रुपये लेने का आरोप भी लगाया है।

2022 में हॉकर जोन के लिए पत्र, फिर आंदोलन क्यों नहीं?

इस पूरे विवाद का दूसरा पहलू हॉकर जोन का मुद्दा है। कुणाल ने वर्ष 2022 में हॉकर जोन बनाने के लिए पत्र लिखने और आश्वासन मिलने की बात कही थी। लेकिन आरोप लगाने वालों का सवाल है कि यदि ठेले वालों के लिए स्थायी व्यवस्था की मांग इतनी अहम थी, तो उसके बाद हॉकर जोन बनवाने के लिए लगातार आंदोलन क्यों नहीं किया गया? आरोप है कि पार्षद ने महापौर या निगम आयुक्त की गाड़ी के सामने धरना देने जैसा कोई कदम नहीं उठाया और मामला पत्र लिखने तथा आश्वासन तक सीमित रह गया। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि ठेले वालों की समस्या का स्थायी समाधान कराने के लिए कितनी गंभीरता से प्रयास किए गए।

चुनाव से छह महीने पहले राजनीति गरमाई

चुनाव से करीब छह महीने पहले पार्षद कुणाल सोलंकी को लेकर उठे इन सवालों ने स्थानीय राजनीति में चर्चा तेज कर दी है। एक तरफ ठेले वालों के समर्थन में नगर निगम की कार्रवाई का विरोध करने की उनकी भूमिका है, तो दूसरी तरफ उन्हीं ठेले वालों से कथित वसूली और क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को लेकर लगाए गए आरोप हैं। Lalluram.com ने इस पूरे मामले में पार्षद कुणाल सोलंकी से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की। उन्होंने आरोपों पर कुछ भी कहने से इनकार करते हुए कहा कि वह इस मामले में बयान देना बंद कर चुके हैं।

सरकारी कार्य में बाधा का प्रकरण दर्ज किया जाएगा

अब देखना होगा कि इन आरोपों पर पार्षद की ओर से आगे कोई विस्तृत जवाब आता है या संबंधित विभाग इन दावों की जांच करता है। फिलहाल, ठेले वालों के नाम पर शुरू हुआ विवाद पार्षद की भूमिका, हॉकर जोन की मांग और कथित वसूली के आरोपों तक पहुंच गया है। और उधर इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है अगर शिकायत की जाती है तो कुणाल सोलंकी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा का प्रकरण दर्ज किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m