अनिल शर्मा , अंबाला /चंडीगढ़। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने प्रदेश के नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की मेयर और पार्षद प्रत्याशियों की शानदार जीत पर सभी विजेताओं को बधाई दी है।

उन्होंने कहा कि अम्बाला सिटी, सोनीपत और पंचकूला में भाजपा की जीत यह दर्शाती है कि जनता ने विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास जताया है। यह केवल उम्मीदवारों की जीत नहीं, बल्कि जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों की जीत है।

अनिल विज ने विशेष रूप से अम्बाला सिटी से विजयी मेयर अक्षिता सैनी, सोनीपत से राजीव जैन और पंचकूला से श्यामलाल बंसल को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने पारदर्शी प्रशासन और मजबूत बुनियादी ढांचे के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर काम कर रही है और यही वजह है कि जनता लगातार भाजपा पर भरोसा जता रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में विकास, स्वच्छता, यातायात और मूलभूत सुविधाओं को और मजबूत करेंगे।

अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।