जींद। एक शादी समारोह के दौरान जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां पूर्व सरपंच मदनलाल ने अपने ही 26 वर्षीय इकलौते बेटे मुरारी की गोली मारकर हत्या कर दी। पिता-पुत्र दोनों शादी समारोह में शामिल होने के लिए तलौड़ा गांव पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि जमीन बेचने को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार देर रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि पिता ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से बेटे पर करीब 7 गोलियां चला दीं।

जमीन बेचने को लेकर चल रहा था विवाद

मुरारी जमीन बेचने का विरोध करता था। वहीं, उसके पिता मदनलाल जमीन बेचना चाहते थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर मतभेद होते थे। बुधवार को दोनों तलौड़ा गांव में एक शादी समारोह में पहुंचे थे। यहां जमीन बेचने की बात फिर उठी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मदनलाल ने अपने बेटे पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से मुरारी की मौके पर ही मौत हो गई।

चंडीगढ़ में रहता था परिवार

मदनलाल पहले चंडीगढ़ पुलिस में सब इंस्पेक्टर (उप निरीक्षक) के पद पर तैनात था। बाद में उसने नौकरी छोड़ दी और चंडीगढ़ में घी की फैक्ट्री शुरू की। मुरारी भी पिता के साथ कारोबार में हाथ बंटाता था। कुछ दिन पहले ही दोनों ने चंडीगढ़ में एक होटल भी शुरू किया था। पिता-पुत्र पिछले कई वर्षों से चंडीगढ़ में रह रहे थे।

पुलिस ने कब्जे में लिया शव

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे जमीन बेचने को लेकर पिता-पुत्र के बीच चल रहा विवाद सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m