रायपुर। राजधानी रायपुर के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर में डूबे युवक आदिल खान का 52 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। SDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अब तक युवक का शव बरामद नहीं हो सका है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर से मुलाकात कर शव को जल्द बरामद कराने और ब्लू वाटर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ ही लोगों की एंट्री पर रोक लगाने की मांग की है।

कलेक्टर से मिले कांग्रेस नेता

युवक का शव जल्द बरामद कराने की मांग को लेकर रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, मौदहापारा क्षेत्र के पार्षद शेख मुशीर और जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के उपाध्यक्ष जयंत साहू ने कलेक्टर गौरव सिंह से मुलाकात की। कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर से ब्लू वाटर में जल्द से जल्द सर्च ऑपरेशन तेज कर युवक का शव बरामद कराने की मांग की।

ब्लू वाटर पार्क बंद करने की मांग

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने ब्लू वाटर पार्क को चारों तरफ से बंद करने की मांग की। वहीं नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने ब्लू वाटर के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की।

आकाश तिवारी ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की और घटना पर दुख जताते हुए उन्हें ढांढस बंधाया। पार्षद शेख मुशीर ने सर्च ऑपरेशन के लिए आधुनिक उपकरणों सहित पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की। जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के उपाध्यक्ष जयंत साहू ने भी ब्लू वाटर क्षेत्र में लोगों की एंट्री पूरी तरह बंद करने की मांग की।

दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने गया था आदिल

जानकारी के अनुसार, मौदहापारा निवासी आदिल खान (24), पिता नासिर खान, 19 अगस्त की शाम अपने तीन दोस्तों के साथ नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर घूमने गया था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में एक तरफ से दूसरी तरफ तैरकर जाने को लेकर शर्त लग गई। बताया जा रहा है कि आदिल और उसके एक दोस्त ने पानी में छलांग लगाई। इसी दौरान आदिल गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आदिल पानी में डूबता नजर आ रहा है।

दो दिन से SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

पानी की गहराई अधिक होने के कारण SDRF की टीम को सर्च ऑपरेशन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटना के बाद से SDRF की टीम लगातार दो दिनों से युवक की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। ऐसे में अब SDRF की टीम शनिवार सुबह एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H