अमरजीत कुमार, भागलपुर। जिले के नवगछिया जिला पुलिस अंतर्गत बिहार सरकार के मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में तटबंध के फ्लड फाइटिंग में लगे मजदूरों की नाव अचानक डूब गई। नाव पर 22 मजदूर सवार थे, जिनमें से 21 मजदूरों को एसडीआरएफ की टीम ने फौरन बाहर निकाल लिया, जबकि एक मजदूर अभी भी लापता है।
पानी में कूदकर मजदूरों ने बचाई जान
घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मजदूर फ्लड फाइटिंग के काम में लगे हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान अचानक नाव पलट गई। मजदूरों ने पानी में कूदकर अपनी जान बचाई। आनन-फानन में 21 मजदूर किसी तरह तैरते हुए बाहर निकले, जिन्हें एसडीआरएफ की टीम ने तेज धार से सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, एक मजदूर अभी भी लापता है, जिसकी तलाश में एसडीआरएफ की टीम जुटी हुई है।
टूटे तटबंध पर चल रहा था मरम्मत का काम
बता दें कि बीते दो दिन पहले रात करीब 2 बजे राघोपुर में तटबंध टूट गया था। इसके बाद युद्धस्तर पर मरम्मत और फ्लड फाइटिंग का काम चल रहा था। इसी कार्य के तहत भागलपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए मजदूरों व निर्माण सामग्री को नाव के जरिए नदी पार ले जाया जा रहा था, तभी तेज धार में नाव का संतुलन बिगड़ गया। नाव का संतुलन बिगड़ता देख मजदूरों ने नाव पर लदे सामान को नदी में फेंकने का भी प्रयास किया। लेकिन इस बीच देखते ही देखते पूरी नाव नदी में समा गई। घटना के बाद अफरातफरी की स्थिति बन गई।
ये भी पढ़ें- बिहार में मंडराया बाढ़ का बड़ा खतरा! गंडक नदी में आ सकता है जलसैलाब, ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील


