परवेज आलम, बगहा। नेपाल में भूस्खलन और चीन में बांध टूटने की सूचना के बाद गंडक नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। प्रशासन के मुताबिक, नारायणी नदी में बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने का असर सीमावर्ती पश्चिम चंपारण से होकर गुजरने वाली गंडक नदी पर पड़ सकता है। ऐसे में नदी के किनारे और दियारा क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

लोगों से सतर्क रहने की सलाह

जिला प्रशासन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि नेपाल में नारायणी नदी में अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने की सूचना मिली है। इसका असर गंडक नदी के जलस्तर पर पड़ सकता है और अचानक पानी बढ़ने से नदी के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन सकती है। खासकर नदी किनारे बसे प्रखंडों के निचले स्तर वाले इलाकों को लेकर प्रशासन ने लोगों को पहले से सावधान किया है।

ऊंचे स्थानों पर चले जाने की अपील

प्रशासन ने नदी किनारे और दियारा क्षेत्र में रहने वाले लोगों से सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर चले जाने की अपील की है। साथ ही लोगों को फिलहाल नदी के किनारे नहीं जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर पर पूरी तैयारी रखी गई है और हालात पर लगातार नजर बनाए रखी जा रही है।

24 घंटे हो रही मॉनिटरिंग

वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। बराज पर अभियंताओं की टीम 24 घंटे स्थिति की मॉनिटरिंग कर रही है। नदी के जलस्तर और पानी के बहाव में होने वाले बदलाव पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इस स्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क और सजग रहना बेहद जरूरी है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि आपदा की स्थिति में राहत और बचाव के लिए टीमें तैयार हैं।

जल्द संपर्क नंबर जारी करेगा प्रशासन

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए 24 घंटे संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं। प्रशासन के मुताबिक, नेपाल की सीमा से लगे इलाकों में स्थिति पर विशेष नजर रखी जा रही है और गंडक नदी में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रखा गया है।

इन जिलों के लिए अलर्ट जारी

आपको बता दें कि गंडक नदी के संभावित बाढ़ को देखते हुए नेपाल से सटे पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली जिले में विशेष रूप से अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सीतामढ़ी, शिवहर समेत अन्य संवेदनशील जिलों में भी स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: गन्ने के खेत में अधेड़ युवक का शव मिलने से सनसनी, प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका