इमरान खान, खंडवा। जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में नाविक संघ द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर की जा रही हड़ताल आज से कलेक्टर के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई है। कलेक्टर के साथ नाविक संघ की बैठक में तय हुआ कि पूर्व में जिन नाविकों के लाइसेंस नगर परिषद द्वारा निरस्त किए गए थे उन्हें 5 दिन में बहाल किया जाएगा। इसके अलावा जब्त किए गए डीजल इंजन भी निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसी अवधि में लौटा दिए जाएंगे।
बोटिंग कर निर्धारित घाट पर छोड़ेगा
कलेक्टर ऋषव गुप्ता के साथ बैठक में एसडीएम, एडीएम सहित अन्य अफसर और नाविक संघ अध्यक्ष कैलाश भंवरिया, सचिव अरुण वर्मा, मां रेवा माझी संघ के अध्यक्ष भोलाराम केवट तथा अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्णय लिया गया कि कोई भी नाविक श्रद्धालुओं को डेम क्षेत्र में स्नान नहीं कराएगा, बल्कि केवल बोटिंग कर निर्धारित घाट पर छोड़ेगा।
काले धन कुबेर आरक्षक सौरभ शर्मा पहुंचा हाईकोर्ट: ED की कार्रवाई को दी चुनौती, SC के फैसले का दिया हवाला
श्रद्धालुओं के लिए नौका संचालन शुरू
प्रत्येक नाव में अधिकतम 10 सवारियां रहेंगी तथा सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य होगा। बैठक के बाद नाविक संघ ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा प्रशासन की सकारात्मक पहल से लंबे समय से अटकी समस्याओं के समाधान का रास्ता खुला है। हड़ताल समाप्त होने के साथ ही तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं के लिए नौका संचालन पुनः सुचारू रूप से प्रारंभ होगा।

