राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में तीन दिन से लापता मध्यांचल ग्रामीण बैंक के कर्मचारी राजू पाल का शव केन नदी से मिलने से हड़कंप मच गया है। खाड़-खुढ़ई के पास नदी में तैरता हुआ शव मिलने के बाद परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। मामले में एक वायरल वीडियो के आधार पर सत्यम शुक्ला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है। इधर, परिजनों ने मजिस्ट्रेट जांच, वीडियोग्राफी और जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।

केन नदी में एक शव तैरता हुआ मिला

मध्यांचल ग्रामीण बैंक के कर्मचारी राजू पाल पिछले तीन दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थे। परिजन और पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। इस बीच, बमीठा थाना क्षेत्र के खाड़-खुढ़ई के पास केन नदी में एक शव तैरता हुआ मिला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान राजू पाल के रूप में की। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को बाहर निकालकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

मध्यप्रदेश

जैन मंदिर में दुस्साहस ! अष्टधातु की 3 मूर्तियां और दान पेटी चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए 3 चोर

वायरल वीडियो और सत्यम शुक्ला की भूमिका

मृत्यु से पहले या लापता होने के दौरान राजू पाल का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें सत्यम शुक्ला द्वारा उन्हें धमकाने और प्रताड़ित करने की बात सामने आई थी। इसी वीडियो और पत्नी के विस्तृत बयानों को आधार बनाते हुए पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं को बढ़ा दिया है। पुलिस ने संदेही सत्यम शुक्ला को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का राजफाश हो सके।

निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग

घटना से आक्रोशित परिजनों व समाजजनों ने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग उठाई है। परिजनों ने मांग की है कि पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच कराई जाए। पोस्टमार्टम प्रक्रिया की पूरी वीडियोग्राफी हो। पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में विशेषज्ञों की देखरेख में संपन्न हो। बमीठा थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों की मांगों और साक्ष्यों के आधार पर हर एंगल से बारीकी से जांच की जा रही है, और रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m