फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में जेवर एयरपोर्ट फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। पनहेड़ा खुर्द के पास निर्माण कार्य के दौरान गार्डर उठाते समय एक विशालकाय क्रेन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
गार्डर उठाते समय बिगड़ा संतुलन, पलट गई क्रेन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फ्लाईओवर निर्माण के लिए गार्डर को ऊपर उठाने का काम चल रहा था। इसी दौरान क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह देखते ही देखते जमीन पर पलट गई। हादसे के समय मौके पर कई मजदूर काम कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक क्रेन गिरने से 6 से 7 मजदूर उसके नीचे दब गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों और अन्य श्रमिकों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
बारिश के बाद कीचड़ बना हादसे की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में हुई हालिया बारिश के कारण निर्माण स्थल पर काफी कीचड़ और फिसलन थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से क्रेन का संतुलन बिगड़ा और यह बड़ा हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

3 से 4 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि पिलर उठाने वाली भारी क्रेन का एक हिस्सा अचानक लोहे के कंटेनर पर गिर गया। उस समय कंटेनर के भीतर 6 से 7 मजदूर मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि 3 से 4 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि कुछ मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। उन्हें निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीमें
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। फिलहाल किसी मजदूर की मौत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन हादसे ने निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

