नई दिल्ली: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 18वें BRICS समिट में हिस्सा लेने के बाद रविवार को भारत से चीन के लिए रवाना हो गए। 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए शी जिनपिंग शनिवार को भारत पहुंचे थे। करीब सात साल बाद उनकी भारत यात्रा हुई।

पीएम मोदी और शी जिनपिंग के बीच अहम द्विपक्षीय वार्ता

BRICS समिट से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच करीब 45 मिनट तक द्विपक्षीय बैठक हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-चीन संबंधों को बेहतर बनाने और आगे बढ़ाने के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में संस्थागत संवाद बढ़ाने, व्यापारिक संबंध मजबूत करने, सीधी उड़ानें फिर शुरू करने और व्यापार घाटे से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई। पीएम मोदी ने जोर दिया कि भारत और चीन के रिश्ते आपसी सम्मान, आपसी संवेदनशीलता और आपसी हित के आधार पर आगे बढ़ने चाहिए। दोनों नेताओं ने यह भी माना कि सीमा से जुड़े मतभेदों को विवाद में बदलने से रोकना और सीमा क्षेत्रों में शांति एवं स्थिरता बनाए रखना दोनों देशों के हित में है।

एयर चाइना की फ्लाइट से पहुंचे थे शी जिनपिंग

शी जिनपिंग शनिवार दोपहर एयर चाइना की विशेष फ्लाइट से नई दिल्ली पहुंचे थे। उनके साथ एक हाईलेवल प्रतिनिधिमंडल भी आया था। एयरपोर्ट से वह कड़ी सुरक्षा के बीच आर्मर्ड होंगछी N701 कार से भारत मंडपम पहुंचे, जहां पीएम मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

पीएम मोदी के गाला डिनर में शामिल नहीं हुए जिनपिंग

शनिवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से BRICS नेताओं के लिए आयोजित गाला डिनर में शी जिनपिंग शामिल नहीं हुए। बताया गया कि व्यस्त कार्यक्रम के बाद उन्होंने होटल में आराम करना पसंद किया।

BRICS फैमिली फोटो में दिखे शी जिनपिंग

BRICS समिट के दूसरे दिन पीएम मोदी के संबोधन के दौरान शी जिनपिंग मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने पीएम मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अन्य BRICS नेताओं के साथ फैमिली फोटो में हिस्सा लिया। समिट के कार्यक्रम पूरे करने के बाद वह अब चीन के लिए रवाना हो गए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m