लखनऊ. 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के मौके पर लखनऊ में आयोजित बाइक रैली को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. 1090 चौराहे से निकली इस रैली का उद्देश्य आयुर्वेद के प्रति लोगों को जागरूक करना था. इस दौरान ब्रजेश पाठक ने आयुर्वेद को भारतीय परंपरा का हिस्सा बताते हुए लोगों से इसे अपनाने की अपील की. साथ ही अखिलेश यादव को भी आड़े हाथों लिया.

इसे भी पढ़ें- ‘मुस्लिम CM का ऐलान करें तो सपा को एक भी वोट नहीं मिलेगा’, राहुल गांधी से ऐसा क्यों बोले मौलाना रशीदी?

आयुर्वेद को लेकर क्या बोले ब्रजेश पाठक?

ब्रजेश पाठक ने कहा कि दैनिक जीवन में शरीर से जुड़ी समस्याओं के दौरान लोगों को प्राथमिक तौर पर आयुर्वेद की ओर बढ़ना चाहिए. उन्होंने कहा कि आयुर्वेद भारत की सदियों पुरानी परंपरा और प्राचीन संस्कृति का हिस्सा है. उन्होंने प्रदेशवासियों से आयुर्वेद के इस्तेमाल और इसके प्रति जागरूक होने की अपील की. इस वर्ष राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की थीम ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ रखी गई है. देशभर में इस मौके पर जागरूकता और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.

अखिलेश यादव के PDA रथ पर तंज

आयुर्वेद दिवस कार्यक्रम के दौरान ब्रजेश पाठक से समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा को लेकर भी सवाल किया गया. इस पर उन्होंने अखिलेश यादव के कथित बयान का जिक्र करते हुए तंज कसा. ब्रजेश पाठक ने कहा, “अखिलेश यादव ने तो कल कहा था कि उनका रथ तेल लेने गया है. आप जानते हैं कि इसका मतलब क्या होता है…” दरअसल, अखिलेश यादव ने हाल में PDA रथ को लेकर कहा था कि रथ डीजल भरवाने गया था. इस मुद्दे पर यूपी की राजनीति में बयानबाजी भी सामने आई है.

2027 चुनाव पर बोले- भाजपा हमेशा तैयार

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए हमेशा तैयार रहती है. उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भी भाजपा जीत दर्ज करेगी. उन्होंने कहा कि चुनाव के नतीजे “शत प्रतिशत” आएंगे. अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा को लेकर हालिया रिपोर्टों में बताया गया है कि सपा अध्यक्ष 24 सितंबर को बछरावां से रायबरेली तक रथ यात्रा निकालने वाले हैं.

इसे भी पढ़ें- आजमगढ़ में सुबह-सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट, पत्नी-बेटा और दो पुजारियों की हत्या करने वाला एनकाउंटर में ढेर

1090 चौराहे से निकली बाइक रैली

लखनऊ में 11वें आयुर्वेद दिवस के तहत 1090 चौराहे से बाइक रैली निकाली गई. इसमें आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी से जुड़े चिकित्सकों, शिक्षकों और छात्रों के शामिल होने की जानकारी दी गई है. रैली का उद्देश्य आम लोगों के बीच आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.