दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। नर्मदापुरम में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया था। इस घिनौने अपराध में राजनीतिक रसूख वाले दो भाइयों और एक कैफे संचालक की साठगांठ का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने मामले की तह तक जाते हुए अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
महिला थाना प्रभारी राखी मौर्य ने बताया कि मामले का मुख्य आरोपी अनुज सोनकर है, जो इटारसी के पूर्व पार्षद और कांग्रेस जिला महासचिव रजनीकांत सोनकर का बेटा है। वहीं उसका बड़ा भाई राहिल सोनकर बीजेपी कार्यकर्ता है। 12 सितंबर की रात पीड़िता की शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस ने राहिल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार को महिला थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर फरार मुख्य आरोपी अनुज को भी नर्मदापुरम से धर दबोचा।
ये भी पढ़ें: नर्मदापुरम में 5 दिन में दुष्कर्म का दूसरा मामला: नाबालिग के रेप के बाद गर्भपात का आरोप, कांग्रेस नेता के बेटे समेत BJP कार्यकर्ता पर FIR
इस मामले में नया मोड़ तब आया जब इटारसी के ‘हिंडन कैफे’ के संचालक हर्ष जॉनसन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता ने बयान दिया था कि आरोपी ने कैफे के गुप्त केबिन में उसके साथ दरिंदगी की थी। जब पुलिस और FSL की टीम जांच के लिए कैफे पहुंची, तो वहां से केबिन गायब मिले। जांच में खुलासा हुआ कि मामला दर्ज होते ही संचालक हर्ष ने सबूत मिटाने की नीयत से आनन-फानन में केबिन हटवा दिए थे।
हालांकि, फर्श और छत के पंखों पर बने निशानों ने पोल खोल दी। वहां 6 केबिन बने हुए थे। पुलिस को मौके से संदिग्ध जोड़े भी आपत्तिजनक स्थिति में मिले। फिलहाल अनुज को मेडिकल व DNA टेस्ट के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां वह मीडिया के कैमरों से मुंह छिपाता नजर आया। पुलिस का कहना है कि सबूतों से छेड़छाड़ और अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



