दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में पांच दिनों के अंदर नाबालिग से रेप और अवैध गर्भपात का दूसरा मामला सामने आया है। महिला थाना पुलिस ने शनिवार देर रात आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता का बेटा और भाजपा कार्यकर्ता को नामजद किया गया है। यह पूरा मामला इटारसी का है।

इससे पहले कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग ने अजीत सिंह राजपूत पर रेप, मारपीट और गर्भपात कराने का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी की मां, बहन, चेकअप करने वाली महिला डॉक्टर समेत पांच लोगों को सहआरोपी बनाया था। अब नर्मदापुरम जिले के इटारसी में एक नाबालिग के साथ लगातार दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है।

ये भी पढ़ें: नाबालिग से शादी का वादा, होटल में दुष्कर्म और फिर गर्भपात! डॉक्टर-परिजनों समेत 6 पर केस दर्ज; 5 हिरासत में

पुलिस के अनुसार, आरोपी अनुज सोनकर और पीड़ित नाबालिग एक-दूसरे को पहले से जानते थे। आरोपी ने फरवरी 2026 में पीड़िता के घर अकेले होने पर पहली बार उसके साथ जबरदस्ती की और फिर कई बार दुष्कर्म किया। जून में जब पीड़िता ने गर्भवती होने की बात कही, तो आरोपी के बड़े भाई राहिल सोनकर ने मेडिकल से दवा लाकर दी, जिससे पीड़िता का अवैध गर्भपात कराया गया।

गर्भपात के करीब तीन महीने बाद आरोपी पीड़िता को इटारसी स्थित एक कैफे के केबिन में ले गया और दोबारा गलत हरकत की। इसके बाद 10 सितंबर को जब पीड़िता ने आरोपी से शादी करने की बात कही, तो उसने साफ इनकार कर दिया और दोनों में विवाद हो गया। परेशान होकर पीड़िता ने महिला थाने नर्मदापुरम में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। ​मामले में आरोपी के बड़े भाई राहिल सोनकर को दवा लाकर देने के आरोप में सह-आरोपी बनाया गया है। मुख्य आरोपी के पिता रजनीकांत सोनकर कांग्रेस के जिला महासचिव और पूर्व पार्षद हैं, जबकि भाई राहिल भाजपा कार्यकर्ता है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m