दुर्गेश राजपूत​, नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुख्य आरोपी अजीत सिंह और उसकी मदद करने वाली एक महिला डॉक्टर व परिजनों सहित कुल 6 लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को अभिरक्षा में ले लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, डोलरिया क्षेत्र निवासी मुख्य आरोपी अजीत सिंह ने 17 वर्षीय एक लड़की को प्यार और शादी का झांसा दिया। 23 अक्टूबर 2025 को वह पीड़िता को घुमाने के बहाने नर्मदापुरम ले गया और आनंद नगर स्थित पलाश होटल के कमरे में ले जाकर उसके साथ जबरन संबंध बनाए। घटना के कुछ समय बाद जब पीड़िता गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने 19 फरवरी को एक महिला डॉक्टर स्वाती मिर्धा की मदद से दवा देकर उसका गर्भपात करा दिया। इस कृत्य में आरोपी के परिजनों (मां, बहन, बड़ी मां और चाचा) ने भी आरोपी का साथ दिया। इसके बाद आरोपी पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर चुप कराता रहा।

ये भी पढ़ें: जहरीली शराब कांड पर CM मोहन यादव सख्त: सागर पहुंचकर पीड़ितों से की मुलाकात, अधिकारियों को दिया फ्री-हैंड

​घटना के लगभग 8 महीने बाद जब मुख्य आरोपी पीड़िता को बदनाम करने लगा, तो परेशान होकर पीड़िता ने पूरी बात अपने परिजनों को बताई। इसके बाद पीड़िता ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। ​मामले की जांच के तहत एसआई दीपिका लोखंडे ने घटनास्थल पलाश होटल पहुंचकर उस कमरे का निरीक्षण किया। एएसपी अभिषेक राजन ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी समेत 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिसमें से 5 आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया जा चुका है। अन्य की तलाश जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m