Bihar Crime: बिहार के सुपौल जिले से दिल को दहला देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां महज 7 साल के मासूम बच्ची की कुदाल से काटकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। यह घटना बिती रात उस समय घटी जब मृतका अपने पिता के पीछे-पीछे दूध की बोतल लेकर घर लौट रही थी। इस दौरान पड़ोस के युवक ने बच्ची पर कुदाल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में बच्ची के शरीर के कई टुकड़े हो गए और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

पड़ोसी के युवक ने की बच्ची की हत्या

घटना सदर थाना क्षेत्र के परसरमा वार्ड नंबर 8 की है। वहीं, मृतक बच्ची की पहचान शंभू साह की बेटी प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। बच्ची की हत्या करने के बाद आरोपी पड़ोसी युवक राजू साह अपने घर में जाकर छिप गया। इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों और पूरे गांव में कोहराम मच गया। आक्रोशित भीड़ ने उसके घर को चारो तरफ से घेर लिया और उसमें आग लगा दी। आरोपी का घर धू-धू कर जलने लगा और पूरा माहौल बेहद ही तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सदर एसडीपीओ समेत कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी राजू साह को जलते हुए घर से सुरक्षित बाहर निकाला और उसे हिरासत में ले लिया। वहीं, आक्रोशित भीड़ को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह हालात पर नियंत्रण किया। वहीं, तनाव को देखते हुए पूरे गांव में पुलिस की कई टीम को तैनात किया गया।

जांच के लिए पहुंची एफएसएल की टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कुछ साक्ष्य एकत्र किए और उन्हें जांच के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद से मृतका के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

दोषी को होगी सख्त सजा- सदर एसडीपीओ

घटना को लेकर सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी राजू साह को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालात अब पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस घटना के मुख्य कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जांच कर रही है। दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।

ये भी पढ़ें- पारिवारिक विवाद में महिला की पीट-पीटकर हत्या! दो दिन बाद होगा अंतिम संस्कार