Bihar Crime: बिहार के नवादा में एक देवर ने कथित तौर पर अपनी भाभी की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पूरा मामला नरहट थाना क्षेत्र के हजरतपुर गांव की है। वहीं, मृतका की पहचान 40 वर्षीय पुतुल देवी पत्नी वाल्मीकि चौधरी के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में लेते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी।
शादी के निमंत्रण को लेकर बढ़ा था विवाद
घटना के पीछे पारिवारिक विवाद को मुख्य कारण बताया जा रहा है। मृतक महिला के बेटे ने उपनी मां की मौत के लिए सगे चाचा और उसके परिवार के अन्य सदस्यों को जिम्मेदार ठहराते हुए उनपर हत्या का आरोप लगाया है। उसने बताया कि उसके और उसके चाचा के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद को लेकर बातचीत और निमंत्रण पूरी तरह से बंद था। हालही में उसके बहन की शादी हुई थी, जिसमें उन्हें आमंत्रित नहीं किया गया था, जिसे लेकर विवाद चल रहा था।
घर पर अकेली रहती थी महिला
बेटे ने आरोप लगाया है कि घटना के समय उसकी मां घर पर अकेली थी। इसी दौरान छत के रास्ते घर में घुसे उसके चाचा और अन्य लोगों ने उसकी मां के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। मां की मौत के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए। परिजनों के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच दो साल पहले भी मारपीट हुई थी। हालांकि उस समय पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
मां का फोन न मिलने पर सामने आया सच
बेटे ने बताया कि वह घर से 11 किलोमीटर दूर रहकर हिसुआ में पढ़ाई करता है। उसने बताया कि जब काफी बार फोन लगाने के बाद भी उसकी बात मां से नहीं हुई, तो उसे किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी। इसके बाद जब वह अपने घर पहुंचा तो अंदर का नजारा देख उसके होश उड़ गए। उसकी मां जमीन पर बेसुध होकर गिरी हुई थी। बेटे ने यह भी बताया कि इससे पहले भी कई बार उसकी मां को जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थी।
पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया
पुलिस ने बेटे के बयान के आधर पर कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर पूरे मामले की गहनता से छानबीन में जुट गई है। वहीं, बेटे ने बताया कि उसके पिता काम के सिलसिले में साउथ अफ्रीका में हैं, दो दिन बाद उनके लौटने पर मां का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- ‘खस्सी’ की जगह चिकन खिलाने पर घराती-बराती में जमकर मारपीट, दूल्हा पक्ष के कई लोग घायल

