विकास कुमार, सहरसा। जिले के सिमरी बख्तियारपुर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक निकाह समारोह के दौरान भोज में मटन की जगह चिकन खिलाने पर विवाद इतना बढ़ गया कि बाराती और घराती पक्ष के लोग आपस में ही भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट गई, जिसमें दूल्हा पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया है।
मटन की जगह चिकन खिलाने पर मारपीट
घटना महिषी प्रखंड के राजनपुर गांव की बताई जा रही है, जहां निकाह की रस्में शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद भोज के दौरान विवाद शुरू हुआ। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि मटन (खस्सी का मांस) खिलाने की बात कही गई थी, लेकिन भोजन में चिकन (मुर्गे का मांस) परोसा गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घायलों का इलाज जारी है।
दोनों पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भोजन को लेकर शुरू हुई बहस जल्द ही हाथापाई में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट के दौरान समारोह में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हालांकि लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
दूल्हे पक्ष के कई लोग घायल
मारपीट में घायल दूल्हे के चाचा ने बताया कि, भोजन को लेकर विवाद होने के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने अचानक हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि इस मारपीट में उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी भी पक्ष की तरफ से थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराया गया है। हालांकि खाने को लेकर शादी समारोह में हुई मारपीट पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ये भी पढ़ें- मोतिहारी में दिनदहाड़े खूनी हमला, धारदार हथियार से दो लोगों को किया लहूलुहान

