अजय सैनी, भिवानी। बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर ने भाजपा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के हालिया बयानों पर आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व की ओर से दिए जा रहे कुछ बयान हरियाणा के सामाजिक ताने-बाने और आपसी भाईचारे के लिए उचित नहीं हैं।

जाट समाज पर टिप्पणी को लेकर जताया रोष

कृष्ण जमालपुर ने कहा कि हरियाणा की पहचान आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और सभी वर्गों के सम्मान से रही है। ऐसे में किसी समुदाय या वर्ग को निशाना बनाकर दिए जाने वाले बयान चिंता का विषय हैं।

उन्होंने कहा कि अर्चना गुप्ता ने पहले जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन को प्रायोजित बताया था और आंदोलनकारियों को लेकर भी टिप्पणियां की थीं। अब उनके द्वारा बिना नाम लिए हरियाणा के जाट समाज को लेकर कथित टिप्पणी किए जाने से समाज में रोष पैदा हो रहा है।

राजनीतिक मतभेद अपनी जगह, भाषा की जिम्मेदारी जरूरी

बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन किसी भी राजनीतिक दल के जिम्मेदार पदाधिकारी को ऐसी भाषा और बयानों से बचना चाहिए, जिससे किसी जाति, समुदाय या सामाजिक वर्ग की भावनाएं आहत हों।

उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से अपने बयानों को स्पष्ट करने और प्रदेश के सभी वर्गों के प्रति समान सम्मान की भावना रखने की अपील की।

सामाजिक भाईचारे को सबसे ऊपर रखने की बात

कृष्ण जमालपुर ने कहा कि हरियाणा का सामाजिक भाईचारा किसी भी राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर है। इसे कमजोर करने की किसी भी कोशिश को जनता स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि बसपा सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे के पक्ष में मजबूती से खड़ी है। पार्टी प्रदेश में सभी वर्गों के बीच सौहार्द बनाए रखने के लिए लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m