पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को उस समय हलचल तेज हो गई जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के कथित अवैध रूप से निर्मित MP कार्यालय को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। साउथ 24 परगना जिले के अमताला-बारुईपुर रोड स्थित इस पांच मंजिला भवन को गिराने के लिए प्रशासन ने तीन बुलडोजर लगाए हैं।

पहले जारी किया गया था नोटिस

जिला प्रशासन के अनुसार, भवन को अवैध निर्माण मानते हुए पहले ही नोटिस जारी किया गया था और संबंधित पक्ष से निर्माण से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था। प्रशासन का दावा है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई संतोषजनक जवाब या आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके बाद शनिवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

मौके पर भारी सुरक्षा, जुटे TMC और भाजपा कार्यकर्ता

सुबह जैसे ही बुलडोजर कार्यालय परिसर पहुंचा, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। इसके साथ ही भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए, जिससे तनावपूर्ण स्थिति बन गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया और पूरे इलाके की सुरक्षा कड़ी कर दी।

चुनाव के बाद से बंद था कार्यालय

जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद यह कार्यालय बंद पड़ा था। डायमंड हार्बर क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस की कई महत्वपूर्ण बैठकें और संगठनात्मक कार्यक्रम इसी कार्यालय से संचालित होते थे।

राजनीतिक विवाद तेज

अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू होने के बाद राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। प्रशासन जहां इसे अवैध निर्माण के खिलाफ नियमित कार्रवाई बता रहा है, वहीं इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज होने की संभावना है। फिलहाल, प्रशासन की निगरानी में भवन को ध्वस्त करने का कार्य जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m