सत्या राजपूत, रायपुर। राजधानी रायपुर के रावतपुरा कॉलोनी फेज-2 में नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 40 मकानों पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने लगाए कई गंभीर आरोप
आकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि रिश्वतखोर और सेटिंगबाज अधिकारियों-कर्मचारियों की वजह से आम जनता परेशान हो रही है। उन्होंने कहा कि लोग अपनी जिंदगी भर की कमाई और खून-पसीने की कमाई जोड़कर घर बनाते हैं। घर एक-दो दिन में नहीं बनता, बल्कि इसे बनाने में महीनों और सालभर तक का समय लग जाता है। ऐसे में अचानक कार्रवाई से लोगों की मेहनत की कमाई बर्बाद हो रही है।
अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच सेटिंग का दावा
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर मकानों के निर्माण में गड़बड़ी या अतिक्रमण था, तो निर्माण के दौरान ही कार्रवाई क्यों नहीं की गई? उनका आरोप है कि निर्माण के बीच कार्रवाई नहीं होने के पीछे अधिकारियों और कर्मचारियों की कथित सेटिंग और रिश्वतखोरी जिम्मेदार है।
उठाए कई सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि अधिकारी कभी ठेकेदारों से तो कभी जनता से कथित तौर पर वसूली करते हैं। जब बात नहीं बनती या दबाव बढ़ता है, तब कार्रवाई की जाती है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि बड़े ठेकेदारों और रसूखदार लोगों के मामलों में राजीनामा कर दिया जाता है, तो फिर रावतपुरा कॉलोनी के इन मकान मालिकों के मामले में राजीनामा क्यों नहीं किया गया और उनके घरों पर बुलडोजर कैसे चला?
आकाश तिवारी ने कहा कि वे अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई का विरोध नहीं कर रहे हैं। जहां अतिक्रमण हो रहा है या नियमों का उल्लंघन हो रहा है, वहां तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कॉलोनी में प्लॉट काटकर आवासीय निर्माण किए जाने को लेकर भी सवाल उठाया। उनका कहना है कि यदि ठेकेदार ने वहां प्लॉट को काटकर आवासीय उपयोग के लिए बेचा है, तो कथित गड़बड़ी की शुरुआत वहीं से हुई होगी।

मुद्दे को लेकर किया जाएगा प्रदर्शन
आकाश तिवारी ने कहा कि मामले की जांच होनी चाहिए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे को लेकर बहुत जल्द प्रदर्शन किया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों को छोड़ा नहीं जाएगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



