बी. डी. शर्मा, दमोह। आपने सिरदर्द की कई वजहें सुनी होंगी- तनाव, माइग्रेन या धूप… लेकिन मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से सिरदर्द का एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर डॉक्टरों के भी होश उड़ गए। यहां एक 17 साल की लड़की के सिर में 1 इंच लंबी बंदूक की गोली (Bullet) घुस गई, लेकिन ताज्जुब की बात यह है कि लड़की को इस बात की भनक तक नहीं लगी। वह इसे साधारण सिरदर्द समझकर डॉक्टर के चक्कर काटती रही। जब मामला दमोह जिला अस्पताल पहुंचा तो जो सच सामने आया उसने सबको सन्न कर दिया।
ये भी पढ़ें : BJP Leader Shot Dead: घर के बाहर विवाद देख लाइसेंसी बंदूक लेकर निकलीं बीजेपी नेत्री, गैलरी में खून से लथपथ मिली लाश
झोलाछाप ने बांध दी पट्टी और दे दी दवा
यह पूरी अजीबोगरीब घटना पन्ना जिले के सिमरिया थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम बनौली की है। यहां रहने वाली 17 वर्षीय सपना रैकवार को अचानक सिर में तेज दर्द शुरू हुआ। दर्द बढ़ता देख उसकी बुआ उसे गांव के ही एक डॉक्टर के पास ले गई। डॉक्टर ने भी इसे सामान्य चोट या दर्द समझा, सिर पर एक पट्टी बांधी, कुछ दवाएं दीं और घर भेज दिया। लेकिन जब दवाओं से भी सपना का दर्द ठीक नहीं हुआ और तड़प बढ़ती गई, तो बुआ उसे लेकर दमोह जिला अस्पताल भागी।
घाव साफ किया तो डॉक्टर भी चौंक गए- ‘अंदर फंसी थी गोली’
दमोह जिला अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अभिषेक त्रिपाठी और उनके स्टाफ ने जैसे ही सपना का इलाज शुरू किया, कहानी में एक बड़ा ट्विस्ट आ गया। डॉक्टर ने देखा कि सिर में जहां दर्द हो रहा था वहां एक छोटा सा घाव है। जैसे ही ड्रेसिंग स्टाफ ने उस जगह को साफ किया वहां मेटल की कोई चीज चमकती हुई दिखाई दी। जब डॉक्टरों ने सूझबूझ से काम लेते हुए उसे बाहर निकाला तो सबके पैरों तले जमीन खिसक गई। वह कोई कांच या पत्थर का टुकड़ा नहीं, बल्कि एक इंच लंबी असली बंदूक की गोली थी।
न हुआ बड़ा ऑपरेशन, न हुई कोई दिक्कत, डॉक्टरों ने कर दिखाया करिश्मा
इस पूरे मामले में सबसे सराहनीय और अजब-गजब बात यह रही कि डॉक्टर अभिषेक त्रिपाठी, ड्रेसर मनीष सोनी, केशव अहिरवाल और उपेन्द्र जड़िया की टीम ने बिना किसी बड़े या जटिल ऑपरेशन के देखते ही देखते उस 1 इंच की गोली को सपना के सिर से बाहर निकाल दिया। सपना को न तो कोई बड़ी तकलीफ हुई और न ही उसकी जान को कोई खतरा हुआ। जिला अस्पताल के स्टाफ की इस मुस्तैदी को एक बहुत बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
आखिर सपना के सिर में गोली आई कहां से?
गोली की बनावट को देखकर डॉक्टरों का अनुमान है कि यह गोली सीधे सपना को नहीं मारी गई थी। संभवतः कहीं दूर से गोली चली होगी, जो किसी पेड़ या दीवार से टकराने के बाद बेहद कम रफ्तार से सपना के सिर में जा धंसी। इसी वजह से सपना को गोली लगने का अहसास नहीं हुआ और वो इसे सिर्फ एक अंदरूनी चोट या सिरदर्द समझती रही।
ये भी पढ़ें : NH-43 पर खून से लाल हुई सड़क: दर्शन कर लौट रहे परिवार को ट्रेलर ने रौंदा, महिला की मौत, बेटी-दामाद और मासूम घायल
सपना अस्पताल में भर्ती
फिलहाल सपना को अस्पताल में भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा है और वह पूरी तरह सुरक्षित है। इधर पुलिस ने इस अनोखे मामले को दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है कि आखिर यह गोली पन्ना के उस गांव में चली कहां से थी।

