अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। देश में सोने की कीमतों और विदेशी मुद्रा के मुद्दे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सोना खरीदने से बचने की अपील का असर अब छोटे कारोबारी पर भी दिखाई देने लगा है। सर्राफा बाजार में ग्राहकों की संख्या तेजी से घटने से स्वर्ण व्यवसाय से जुड़े व्यापारी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। कई दुकानदार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

स्वर्ण कारोबियों ने खोली चाय-पकौड़े की दुकान

इसी बीच रोहतास जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है वर्षों से स्वर्ण कारोबार से जुड़े एक व्यवसाई ने ग्राहकों की कमी और लगातार घटती आमदनी से परेशान होकर अब चाय और पकौड़े की दुकान खोली है कारोबारी का कहना है कि परिवार चलाने के लिए अब कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा था।

दिन भर खाली पड़ी रहती है दुकान

दरअसल जिले के जाने-माने स्वर्ण कारोबारी सच्चिदानंद प्रसाद का कहना है कि पहले उनकी दुकान पर सुबह से शाम तक ग्राहकों की भीड़ लगी रहती थी। शादी विवाह और लगन के मौसम में तो दुकान पर पैर रखने तक की जगह नहीं होती थी, लेकिन पिछले कुछ समय से स्थिति पूरी तरह बदल गई है। अब दिन भर दुकान खाली पड़ी रहती है और ग्राहक ना के बराबर आ रहे हैं।

परिवार चलाना भी हुआ मुश्किल

सच्चिदानंद प्रसाद बताते हैं कि स्वर्ण कारोबार पूरी तरह से भरोसे और ग्राहकों की खरीदारी पर टिका होता है, जब लोग सोना खरीदना बंद कर देते हैं तो सीधे तौर पर कारोबार प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि दुकान का किराया, बिजली बिल, कर्मचारियों का वेतन और अन्य खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि आमदनी लगभग समाप्त हो चुकी है। ऐसे में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।

उन्होंने कहा कि, पहले हम लोगों को रोजगार देते थे लेकिन अब खुद की स्थिति ऐसी हो गई है कि खर्च निकालना मुश्किल हो रहा है मजबूरी में चाय और पकौड़े की दुकान शुरू करनी पड़ी ताकि कम से कम घर का चूल्हा जल सके। बता दें कि सच्चिदानंद प्रसाद वर्षों से सर्राफा व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और इलाके में उनकी अच्छी पहचान रही है लेकिन बाजार में आई मंदी ने उनकी आर्थिक स्थिति को बुरी तरह से प्रभावित किया है। अब वे ज्वेलरी दुकान के साथ-साथ सड़क किनारे चाय और पकोड़े बेच रहे हैं।

राजद ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

इस मुद्दे को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। राजद नेता गुड्डू चंद्रवंशी ने केंद्र सरकार पर निशाना चाहते हुए कहा कि सरकार की नीतियों का सीधा असर छोटे व्यापारियों पर पढ़ रहा है उन्होंने कहा कि अगर लोग सोना खरीदना बंद कर देंगे तो हजारों परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी। गुड्डू चंद्रवंशी ने कहा कि सर्राफा व्यवसाय से लाखों लोग जुड़े हुए हैं। इसमें केवल बड़े व्यापारी ही नहीं बल्कि कारीगर मजदूर छोटे दुकानदार और उनके परिवार भी शामिल हैं अगर कारोबार ठप होगा तो सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यमवर्ग के लोगों पर पड़ेगा।

व्यवसाई वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़

वहीं, चाय-पकौड़ी की दुकान का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्य पार्षद शशि कुमारी ने भी व्यापारियों को परेशानी को गंभीर बताई। उन्होंने कहा कि सरकार को किसी भी फैसला या अपील से पहले छोटे व्यवसाईयों की स्थिति पर भी विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि, व्यवसाई वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। अगर छोटे दुकानदार परेशान होंगे तो इसका असर समाज और बाजार दोनों पर पड़ेगा। सरकार को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे व्यापार भी चलता रहे और लोगों की आजीविका भी सुरक्षित रहे।

ये भी पढ़ें- बिहार में हाईटेक फायर सिस्टम की शुरुआत, CM सम्राट ने 80 आधुनिक अग्निशमन वाहनों को दिखाई हरी झंडी