कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार में ऊर्जा मंत्री सैलेश उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि दुर्गा पूजा को लेकर राज्य में पंडालों की बिजली व्यवस्था को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क है। पंडालों के आसपास बिजली के तारों को ऊंचा करने और जरूरत के मुताबिक तारों को व्यवस्थित करने का काम किया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की विद्युत दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।

अनंत सिंह की नाराजगी पर कही ये बात

वहीं अनंत सिंह की नाराजगी को लेकर पूछे गए सवाल पर ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल ने कहा कि इस मुद्दे पर उनके मंत्री साथी की ओर से पूरी बात पहले ही रखी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह नाराज जरूर हैं, लेकिन पार्टी से दूर नहीं हैं। मंत्री ने NDA में किसी भी तरह की टूट से इंकार किया।

‘राजद के आरोपों को गंभीरता से नहीं लेता एनडीए’

तेजस्वी यादव के बयानों को लेकर भी बुलो मंडल ने प्रतिक्रिया दी और कहा कि इस तरह के बयानों से कोई फायदा नहीं होने वाला है। वहीं RJD की ओर से लगातार केंद्र सरकार और बिहार सरकार पर वोट चोरी के आरोप लगाए जाने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी मंत्री ने निशाना साधा।

बुलो मंडल ने कहा कि NDA राजद के आरोपों को गंभीरता से नहीं लेता है। उन्होंने आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जहां RJD की सरकार होती है, वहां वोट चोरी नहीं होती और जहां BJP या NDA की सरकार होती है, वहीं वोट चोरी का आरोप लगाया जाता है। उन्होंने कहा कि RJD को NDA ने पहले भी गंभीरता से नहीं लिया है और आगे भी इन आरोपों को गंभीरता से नहीं लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- ‘…तो फिर से बिगड़ सकते हैं हालात’, बाढ़ को लेकर डिप्टी CM विजय चौधरी ने दी चेतावनी