झांसी. बबीना थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां एक ​बस ने ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी. जिसमें बस सवार करीब 21 यात्री घायल हो गए हैं. वहीं 7 यात्रियों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए भर्ती किया गया है. वहीं हादसे में एक महिला की मौत की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि बस का टायर फटने के कारण ये हादसा हुआ है. फिलहाल घायलों को ​झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी.

जानकारी के मुताबिक हादसे में गंभीर रुप से घायल हुए यात्रियों में राजकुमारी (बानपुर, जिला ललितपुर), अनूप शुक्ला (झांसी), कोशल्या (महरौनी, जिला ललितपुर), साक्षी (हंसारी, झांसी), मोनिका (ललितपुर), कुलदीप (राजगढ़, झांसी) और रंजीत (ललितपुर) शामिल हैं. वहीं अन्य घायलों का भी इलाज कराया जा रहा है. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और अपने निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया.

इसे भी पढ़ें : रफ्तार ने लगाया जिंदगी पर ब्रेक! कार ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की मौत

इसके साथ ही घायलों और यात्रियों के लिए पानी की व्यवस्था कर उन्हें संबल दिया. सूचना मिलने पर बबीना थाना प्रभारी विनय कुमार साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया. दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ देर जाम की स्थिति रही. हालांकि पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर फिर से यातायात सुचारु कराया. पुलिस के मुताबिक हादसे में कुल 21 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है. पुलिस का कहना है कि हादसे में जनहानि नहीं हुई, लेकिन बस और कंटेनर को भारी नुकसान पहुंचा है.