चंडीगढ़ : गुरुग्राम से मोहाली में प्रॉपर्टी खरीदने के लिए निकले एक कारोबारी को रास्ता बदलना भारी पड़ गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने उसे सुनसान इलाके में ले जाकर तलवार और स्टील की बेसबॉल बैट से हमला किया और करीब 7.50 लाख रुपये नकद, सोने की चेन और आईफोन लेकर फरार हो गए। घायल कारोबारी ने बाद में पुलिस को फोन कर वारदात की सूचना दी।
जानकारी के अनुसार कारोबारी 11 सितंबर को अपने दोस्त करण, आशीष गौतम, भरत और दो अन्य लोगों के साथ दिल्ली से मोहाली के लिए रवाना हुआ था। आरोप है कि मोहाली पहुंचने के बाद रास्ते में उसे घेर लिया गया। हमलावरों ने मारपीट की और लूटपाट के बाद मौके से निकल गए।
घटना के बाद कारोबारी किसी तरह सड़क तक पहुंचा और वहां एक डिलीवरी बॉय की मदद से पुलिस को सूचना दी। उसके मोबाइल से 112 पर कॉल की गई, जिसके बाद एंबुलेंस की मदद से उसे फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में वह इलाज के लिए दिल्ली चला गया।
शिकायतकर्ता ने करण, आशीष गौतम, भरत और करीब 10-15 अज्ञात युवकों पर मिलकर हमला करने और लूट करने का शक जताया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने वारदात के दौरान गाड़ी को भी रास्ते से मोड़ दिया था। रात करीब दो बजे बडू बैरियर के पास एक कार से कुछ लोगों के आने और इसके बाद सुनसान इलाके की ओर ले जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आशीष की पहचान मोहाली में रियल एस्टेट एजेंट के तौर पर बताई गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसे अच्छी प्रॉपर्टी की डील कराने का भरोसा दिया गया था। फिलहाल आईटी सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमले और लूट में शामिल लोगों की पहचान के साथ वारदात के पीछे के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

