फतेहाबाद: शहर के लाजपत नगर में 7वीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। 30 सितंबर की शाम 13-14 वर्षीय गौरव उर्फ गैरी का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला था। घटना के समय छात्र घर पर अकेला था। उसकी मां जब ड्यूटी से वापस लौटीं तो उन्हें घटना की जानकारी हुई।

शुरुआत में पुलिस ने मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की थी। अब मृतक छात्र की मां पूजा ने शुक्रवार को शहर पुलिस को लिखित शिकायत देकर उसके स्कूल के शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मां का आरोप है कि स्कूल में उनके बेटे को कथित तौर पर प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

गौरव लाजपत नगर में अपनी मां के साथ किराए के मकान में रहता था। उसके पिता की करीब सात वर्ष पहले मौत हो चुकी है। उसकी मां लोक निर्माण विभाग (PWD) में नौकरी करती हैं। बुधवार को जब वह ड्यूटी पर थीं, उसी दौरान गौरव घर पर अकेला था।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल फतेहाबाद के पोस्टमार्टम गृह में भिजवाया था। अब मां की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस जांच का दायरा बढ़ गया है। पुलिस स्कूल शिक्षकों की भूमिका, छात्र को कथित तौर पर परेशान किए जाने के आरोपों और मौत से पहले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्र की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या था और मां की शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m