Canada Super60 Viral Video: क्रिकेट के मैदान पर कई बार ऐसे नजारे देखने को मिल जाते हैं, जिन्हें देखकर कुछ पल के लिए यकीन करना मुश्किल हो जाता है। कनाडा सुपर60 के सेमीफाइनल में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। टोरंटो सिक्सर्स और मिसीसौगा मास्टर्स के बीच मुकाबले में अली खान की एक बाउंसर पिच पर टप्पा खाने के बाद सीधे बाउंड्री के पार चली गई। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मुकाबले में टोरंटो सिक्सर्स पहले बल्लेबाजी कर रही थी। पारी के 9वें ओवर में मिसीसौगा मास्टर्स की ओर से अली खान गेंदबाजी कर रहे थे और सामने कीरोन पोलार्ड थे। ओवर की चौथी गेंद पर अली खान ने तेज बाउंसर डालने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्लेबाज की पहुंच से काफी ऊपर निकल गई।
इसके बाद जो हुआ, उसने मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों के साथ-साथ कमेंट्री बॉक्स को भी हैरान कर दिया। गेंद पिच पर टप्पा खाने के बाद इतनी तेजी से आगे बढ़ी कि बल्लेबाज पोलार्ड और विकेटकीपर दोनों उसे देखते रह गए। गेंद सीधे बाउंड्री लाइन के पार पहुंच गई।
इस वजह से नहीं मिले 6 रन
शुरुआत में कमेंट्री के दौरान इसे 6 वाइड रन बताया गया, लेकिन अंपायर ने टोरंटो सिक्सर्स को 5 वाइड रन दिए। MCC के नियमों के मुताबिक, गेंद अगर बल्ले से लगकर बिना टप्पा खाए सीधे बाउंड्री के बाहर जाती है, तभी उसे 6 रन माना जाता है। इस मामले में गेंद बल्ले से नहीं लगी थी और उसे वाइड करार दिया गया। इसलिए बाउंड्री पार करने के बावजूद बल्लेबाजी टीम को 6 रन नहीं मिले। टीम के खाते में कुल 5 वाइड रन जुड़े, जिसमें 1 रन वाइड का और 4 रन बाउंड्री के थे।
टोरंटो सिक्सर्स ने मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 130 रन बनाए। जवाब में मिसीसौगा मास्टर्स की टीम 121 रन ही बना सकी और टोरंटो ने 9 रन से मैच अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ टोरंटो सिक्सर्स फाइनल में पहुंची, जहां उसका सामना वैंकूवर एंकर्स से हुआ। फाइनल में वैंकूवर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 164 रन बनाए, लेकिन टोरंटो सिक्सर्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 5 विकेट शेष रहते मुकाबला जीत लिया और कनाडा सुपर60 की चैंपियन बन गई।
हालांकि टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अली खान की वह गेंद अलग ही वजह से चर्चा में आ गई। टप्पा खाने के बाद बाउंड्री के बाहर पहुंची इस बाउंसर का वीडियो अब क्रिकेट फैंस के बीच खूब शेयर किया जा रहा है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

