फिरोजपुर के अधीन पड़ने वाले गांव खाई खेमा में विदाई के दौरान दुल्हन के माथे पर गोली लगने की खबर सामने आई थी। अब इस मामले में खुलासा हुआ है कि यह गोली किसी और ने नहीं बल्कि दुल्हन बलजींदर कौर के भाई, गुरप्रीत सिंह ने चलाई थी। गोली लगने के बाद दुल्हन गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
गोद ली हुई थीं बलजींदर कौर
बलजींदर कौर को बाज सिंह ने गोद लिया था। बाज सिंह ने उन्हें पाल-पोसकर बड़ा किया और उनका विवाह कराया, लेकिन जब विदाई का समय आया तो यह हादसा हो गया। विदाई के समय गुरप्रीत सिंह, पुत्र बाज सिंह ने खुशी में हवाई फायर किए, लेकिन एक गोली दुल्हन को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल दुल्हन को फिरोजपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, पर नाजुक हालत देखते हुए उसे डीएमसी, लुधियाना रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में गुरप्रीत सिंह और पैलेस के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सीएम मान ने जताया दुख
इस घटना को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, “आज फिरोजपुर से एक नई-नवेली दुल्हन को गोली लगने की घटना सामने आई है… सुनकर बहुत दुख हुआ कि पंजाबी किस राह पर चल पड़े हैं… पंजाबी भाइयो, खुशी किसी और तरीके से भी मनाई जा सकती है… वैसे भी शादियों के मौके पर हथियार चलाने की मनाही है, लेकिन इसके बावजूद हम कई घटनाओं को नजरअंदाज कर अपनों का खून बहा रहे हैं… सोचें और विचार करें कि जिस घर में शगुन के गीत गाए जा रहे थे, वहां पलों में मातम छा गया… प्रार्थना करता हूँ कि लड़की की जान बच जाए।”

हवाई फायर करना अपराध
शादियों में हवाई फायरिंग और प्रदर्शन जैसे मामलों पर पंजाब सरकार सख्त निर्देश जारी कर चुकी है। पंजाब पुलिस पहले भी ऐसे मामलों में कार्रवाई कर चुकी है और कई लोगों के लाइसेंस भी रद्द किए गए हैं। हवाई फायर करना अपराध की श्रेणी में आता है। लाइसेंसी हथियार का गैरकानूनी उपयोग करने पर लाइसेंस रद्द किया जा सकता है।
- जगराता की फ्लेक्सी हटाने पर बवाल: पोस्टर में फोटो नहीं होने पर नगर पालिका अध्यक्ष पर लगे गंभीर आरोप, थाना पहुंचे आक्रोशित लोग
- नशीली दवाइयों के खिलाफ सख्त एक्शन, बड़ी मात्रा में ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार
- सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत! पदोन्नति में CPCT परीक्षा के नियम में छूट का प्रस्ताव, मुख्य सचिव को भेजा गया प्रारूप
- रेल यात्रियों की बढ़ी टेंशन! लैंडस्लाइड के चलते 2 ट्रेनें रद्द, 4 ट्रेनों के परिचालन प्रभावित
- आजमगढ़ में ओवैसी की हुंकार: बोले- ‘80% बनाम 20% का खेल खत्म, अब 99% बनाम 1% का होगा संग्राम’

