CCPL Season 3 Final: छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 अपने अंतिम और सबसे रोमांचक पड़ाव पर पहुंच चुका है। आज शाम नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टूर्नामेंट का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जहां बिलासपुर बुल्स और रायगढ़ लायंस की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली दोनों टीमों के बीच होने वाली इस भिड़ंत पर क्रिकेट प्रेमियों की नजरें टिकी हुई हैं।
दमदार प्रदर्शन के दम पर फाइनल में पहुंचीं दोनों टीमें
बिलासपुर बुल्स ने पूरे सीजन में शानदार निरंतरता दिखाई है। टीम लीग चरण में अपने सभी पांच मुकाबले जीतकर 10 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर रही और पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहने वाली एकमात्र टीम बनी। इसके बाद पहले सेमीफाइनल में बिलासपुर ने बस्तर बायसंस को सात विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलित प्रदर्शन के दम पर टीम ने खुद को खिताब का सबसे मजबूत दावेदार साबित किया है।

दूसरी ओर, रायगढ़ लायंस ने लीग चरण में पांच में से तीन मुकाबले जीतकर प्लेऑफ में जगह बनाई और फिर नॉकआउट मुकाबले में अपने खेल का स्तर और ऊंचा कर दिया। दूसरे सेमीफाइनल में रायगढ़ ने गत चैंपियन रायपुर राइनोज को महज 116 रन पर समेटते हुए नौ विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। इस मुकाबले में तेज गेंदबाज आयुष सिंह ठाकुर ने अपनी धारदार गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों को बांधे रखा और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। शानदार लय और बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ रायगढ़ की टीम अब खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
इस तरह फाइनल में एक ओर पूरे सीजन में अपराजित रही बिलासपुर बुल्स है, तो दूसरी ओर नॉकआउट मुकाबले में दमदार प्रदर्शन कर फाइनल तक पहुंची रायगढ़ लायंस। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को एक रोमांचक और कांटे की टक्कर वाले मुकाबले की उम्मीद है।
दिलचस्प रहा है टूर्नामेंट का इतिहास

सीसीपीएल का इतिहास भी काफी रोचक रहा है। वर्ष 2024 में खेले गए पहले सीजन के फाइनल मुकाबले में रायपुर राइनोज ने बिलासपुर बुल्स को आठ विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था। वहीं पिछले सीजन में बारिश के कारण फाइनल मुकाबला आयोजित नहीं हो सका था। इसके चलते रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया था। ऐसे में इस बार एक नया चैम्पियन सामने आएगा या फिर कोई टीम इतिहास रचेगी, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।

दायरा जादू बस्तर बैंड की प्रस्तुति बढ़ाएगी फाइनल का रोमांच
सीसीपीएल सीजन-3 के ग्रैंड फिनाले को यादगार बनाने के लिए दर्शकों के मनोरंजन का भी विशेष इंतजाम किया गया है। फाइनल मुकाबले से पहले लोकप्रिय दायरा जादू बस्तर बैंड अपनी प्रस्तुति देगा। आयोजन समिति के अनुसार बैंड का लाइव परफॉर्मेंस शाम 6:30 बजे से शुरू होगा।

बस्तर की लोक संस्कृति और पारंपरिक संगीत को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत करने वाला यह बैंड युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है। फाइनल मुकाबले से पहले होने वाली इस सांस्कृतिक प्रस्तुति के जरिए दर्शकों को खेल के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी। मैच शुरू होने से पहले ही स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिससे फाइनल मुकाबले का रोमांच और बढ़ जाएगा।
खिताब के साथ मिलेगी लाखों की इनामी राशि
फाइनल मुकाबला सिर्फ ट्रॉफी की जंग नहीं, बल्कि सम्मान और बड़ी इनामी राशि की लड़ाई भी है। टूर्नामेंट की विजेता टीम को चमचमाती ट्रॉफी के साथ 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं उपविजेता टीम को 11 लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा। ऐसे में दोनों टीमें पूरे दमखम के साथ मैदान पर उतरेंगी।

संतुलित टीमों के बीच कांटे की टक्कर की उम्मीद
बिलासपुर बुल्स और रायगढ़ लायंस दोनों ही टीमों के पास मजबूत बल्लेबाजी और प्रभावी गेंदबाजी आक्रमण मौजूद है। बिलासपुर जहां पूरे टूर्नामेंट में निरंतर प्रदर्शन के दम पर यहां तक पहुंची है, वहीं रायगढ़ लायंस ने सेमीफाइनल में चैंपियन टीम को हराकर अपना आत्मविश्वास और बढ़ा लिया है।
रायपुर को नियमित मिलेंगे अंतरराष्ट्रीय और IPL मुकाबले

फाइनल मुकाबले के बीच छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब पूरी तरह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अधीन आ चुका है। इसके बाद रायपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों और आईपीएल मैचों के आयोजन का रास्ता साफ हो गया है। बीसीसीआई की रोटेशन नीति के तहत अब यहां नियमित रूप से वनडे, टी-20, टेस्ट और आईपीएल मुकाबलों की मेजबानी की जाएगी, जिससे राज्य के क्रिकेट को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का भी बनेगा केंद्र
पुरुष क्रिकेट के साथ-साथ रायपुर जल्द ही महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी भी करेगा। जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम पहली बार भारत दौरे पर आ रही है और दोनों टीमों के बीच खेली जाने वाली टी-20 सीरीज की शुरुआत 16 अक्टूबर से रायपुर में होगी। यह पहला मौका होगा जब छत्तीसगढ़ महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की किसी सीरीज की मेजबानी करेगा।
नए चैंपियन पर टिकी नजरें

अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में दबाव को बेहतर ढंग से संभालने वाली टीम के पास खिताब जीतने का मौका होगा। क्रिकेट प्रेमियों को एक रोमांचक और हाई-वोल्टेज मुकाबले की उम्मीद है, जिसमें चौकों-छक्कों के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।
अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सीसीपीएल सीजन-3 की ट्रॉफी किसके हाथों में जाएगी। क्या बिलासपुर बुल्स अपने शानदार प्रदर्शन को खिताबी जीत में बदल पाएगी, या फिर रायगढ़ लायंस शानदार लय को बरकरार रखते हुए इतिहास रचेगी। इसका फैसला आज शाम मैदान पर होगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

