IND-W vs PAK W, Women’s T20 World Cup 2026: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 का रोमांच शुरू हो चुका है और अब भारतीय महिला टीम की बारी है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया आज शाम अपने पहले मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी। इंग्लैंड में खेले जा रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें टिकी हुई हैं।

एजबेस्टन में होगा महामुकाबला

भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि दोनों कप्तान टॉस के लिए आधा घंटा पहले मैदान पर उतरेंगी। टूर्नामेंट के पहले ही मैच में दोनों टीमों के आमने-सामने होने से मुकाबले का रोमांच और बढ़ गया है।

जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी टीम इंडिया

भारतीय महिला टीम इस बार बड़े लक्ष्य के साथ विश्व कप में उतरी है। पिछले साल वनडे विश्व कप जीतकर इतिहास रचने के बाद अब टीम की नजर पहली बार महिला टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतने पर है। हालांकि टूर्नामेंट से पहले भारत को दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बावजूद टीम को खिताब के प्रमुख दावेदारों में गिना जा रहा है।

ओपनिंग जोड़ी पर रहेंगी निगाहें

भारतीय बल्लेबाजी क्रम में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर जैसी अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं। खास तौर पर स्मृति और शेफाली की ओपनिंग जोड़ी से तेज शुरुआत की उम्मीद होगी। हाल के मुकाबलों में दोनों बड़ी साझेदारी नहीं कर सकी हैं, ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ उनका प्रदर्शन टीम की सफलता में अहम भूमिका निभा सकता है। मध्यक्रम में ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा भी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती हैं।

पाकिस्तान के सामने भी चुनौतियां

दूसरी ओर पाकिस्तान की टीम पिछले कुछ टी20 विश्व कप संस्करणों में लगातार संघर्ष करती रही है। 2016 के बाद से पाकिस्तान किसी एक टी20 विश्व कप सीजन में एक से अधिक मैच नहीं जीत पाया है। टीम की कप्तान फातिमा सना की फिटनेस भी चर्चा का विषय बनी हुई है। अभ्यास सत्र के दौरान उनके घुटने में चोट लगी थी, हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक वह भारत के खिलाफ मुकाबले के लिए उपलब्ध रह सकती हैं।

हेड टू हेड में भारत का दबदबा

भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच अब तक 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान केवल तीन बार जीत हासिल कर पाया है। वहीं महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में दोनों टीमें आठ बार आमने-सामने आई हैं, जिसमें भारत ने छह और पाकिस्तान ने दो मुकाबले जीते हैं। पिछली बार 2024 टी20 विश्व कप में दोनों टीमों की भिड़ंत हुई थी, जहां भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराया था।

भारत का पूरा ग्रुप चरण का पूरा शेड्यूल

14 जून – भारत बनाम पाकिस्तान, बर्मिंघम

17 जून – भारत बनाम नीदरलैंड्स, लीड्स

21 जून – भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, मैनचेस्टर

25 जून – भारत बनाम बांग्लादेश, मैनचेस्टर

28 जून – भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, लंदन

भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों के स्क्वाड

भारत

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदानी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव।

पाकिस्तान

फातिमा सना (कप्तान), गुल फिरोजा, आयशा जफर, इरम जावेद, एमान फातिमा, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, सायरा जबीन, मुनीबा अली, टुबा हसन, रमीं शमीम, सादिया इकबाल, नशरा संधू, डायना बेग और तस्मिया रुबाब।

कहां देख सकेंगे मैच का लाइव प्रसारण और स्ट्रीमिंग

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा। वहीं मोबाइल और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शक जियो हॉटस्टार ऐप के जरिए मैच की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकेंगे।

मुकाबले पर करोड़ों प्रशंसकों की नजरें

विश्व कप जैसे बड़े मंच पर भारत और पाकिस्तान की टक्कर हमेशा खास होती है। ऐसे में दोनों टीमें जीत के साथ अपने अभियान का आगाज करना चाहेंगी। भारतीय टीम के पास अनुभव और रिकॉर्ड का साथ है, जबकि पाकिस्तान उलटफेर कर टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत करने की कोशिश करेगा। ऐसे में एजबेस्टन में होने वाला यह मुकाबला विश्व कप के शुरुआती चरण का सबसे चर्चित मैच साबित हो सकता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H